इज्तमा के दौरान राजस्व का नुकसान होने पर वसूला जाएगा जुर्माना
बुलंदशहर। सदर तहसील क्षेत्र में आयोजित हुए तीन दिवसीय तब्लीगी इज्तमा के दौरान नियमों का उल्लंघन होने पर और राजस्व के नुकसान की भरपाई संयोजक/आयोजक से की जाएगी। एसडीएम सदर ने सभी विभागों की करीब 53.60 लाख रुपये की राजस्व हानि बताते हुए एडीएम प्रशासन को आंकलन आख्या भेजी है।
सदर तहसील क्षेत्र के गांव दरियापुर-अढौली में एक, दो और तीन दिसंबर को तब्लीगी इज्तमा का आयोजन किया गया। आयोजन से पूर्व संयोजक/आयोजक द्वारा दो लाख लोगों के आने की अनुमति एडीएम प्रशासन से ली गई थी। लेकिन इज्तमा आयोजन के दौरान 10 लाख से अधिक लोग शामिल हुए। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राजस्व कर्मियों को तैनात किया गया। साथ ही आयोजन के दौरान नियम एवं शर्तों का अनुपालन न होने पर गत चार दिन पूर्व एडीएम प्रशासन ने संबंधित विभागों, सभी तहसीलों, पुलिस एवं प्रदूषण आदि समेत 17 विभागों को हानि हेतु आख्या प्रेषित करने के संबंध में पत्र लिखा था। जिसके अनुपालन में एसडीएम सदर अरविंद सिंह (आईएएस) ने राजस्व हानि के लिए 53 लाख 60 हजार 135 रुपये की अनुमानित आंकलन आख्या डीएम एवं एडीएम प्रशासन को प्रेषित की है। बताया कि इज्तमा आयोजन के दौरान लाखों लोगों के आने से जिले में इमरजेंसी जैसी स्थिति हो गई थी। इस दौरान तहसील के अधिकांश अधिकारियों और कर्मचारियों को चार दिन तक सरकारी कार्य छोड़कर लोगों की सुरक्षा, ट्रेफिक में बाधा न होने और कोई साम्प्रदायिक उन्माद न होने के लिए तैनात किया गया। जिससे राजस्व का नुकसान हुआ है। जिसे वसूलने के लिए पत्र लिखा गया है। आदेश मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, एडीएम प्रशासन अरविंद कुमार मिश्र ने बताया कि अवकाश के चलते अभी रिपोर्ट मिली नहीं है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इज्तमा स्थल की साफ-सफाई का आयोजक ने किया दावा
बुलंदशहर। इज्तमा आयोजक ने स्थल पर साफ-सफाई का दावा करते हुए शनिवार को एसडीएम सदर कोर्ट में शपथ पत्र दाखिल किया। साथ ही कूड़े का नियमानुसार निस्तारण का भी दावा किया। वहीं, प्रदूषण अफसरों ने नियमानुसार कूड़े का निस्तारण न करने की बात कही हैं।
सदर तहसील क्षेत्र के गांव दरियापुर-अढौली में एक, दो और तीन दिसंबर को तब्लीगी इज्तमा के समापन के बाद आयोजक द्वारा साफ-सफाई न करने पर कूड़ा जलाने से फैल रहे प्रदूषण को लेकर एसडीएम सदर अरविंद सिंह (आईएएस) ने आयोजक और प्रदूषण विभाग को सदर कोर्ट से नोटिस जारी किया था। जिसमें 15 दिसंबर तक नियमानुसार कूड़े के निस्तारण करने की बात कही थी। साथ ही निर्धारित अवधि में साफ-सफाई नियमानुसार न होने पर साफ-सफाई में आने वाले खर्च को वसूलने के लिए भी निर्देश दिए थे। आयोजक रफीक फड्डा ने बताया कि इज्तमा स्थल पर साफ-सफाई करवा दी गई है। जिसका निस्तारण नियमानुसार किया गया है। बताया कि इस संबंध में सदर एसडीएम की कोर्ट में शपथ पत्र दाखिल कर दिया गया है। वहीं, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अधिकारी ई. जीएस श्रीवास्तव ने बताया कि शनिवार को स्थल का टीम के संग जाकर निरीक्षण किया गया। इस दौरान कई जगह कूड़े के ढ़ेर में से धुंआ उठता हुआ दिखाई दिया। बताया कि इस संबंध में सदर एसडीएम को पत्र भेजकर अवगत करा दिया गया है। साथ ही कूड़े का निस्तारण नियमानुसार न करने पर जुर्माना लगाने के लिए भी पत्र में लिखा गया है। जहां से अनुमति मिलने पर आयोजक से जुर्माना वसूला जाएगा।