अब लगेगा बायोकंपोस्ट आधारित जीरो लिक्विड संयंत्र
बुलंदशहर/जहांगीराबाद। अनूपशहर चीनी मिल में अब इन्सीनरेशन जीरो लिक्विड डिस्चार्ज संयंत्र के स्थान पर बायोकंपोस्ट आधारित जीरो लिक्विड संयंत्र लगेगा। शासन की ओर से यह बदलाव किया गया है। प्रदेश की छह मिलों में संयंत्र बदलने के लिए यह आदेश जारी हुए हैं।
उत्तर प्रदेश शासन के विशेष सचिव पवन कुमार गंगवार ने उप्र सहकारी चीनी मिल्स संघ के प्रबंध निदेशक को पत्र जारी कर शासन के आदेश से अवगत करवाया है कि संघ की इकाई अनूपशहर, ननौता, संपूर्णानगर, कायमगंज, घोषी और नानपारा चीनी मिल में इन्सीनरेशन जीरो लिक्विड डिस्चार्ज संयंत्रों के स्थान पर अब बायोकंपोस्ट आधारित जीरो लिक्विड डिस्चार्ज संयंत्रों की स्थापना होगी। सभी मिलों में बायोकंपोस्ट आधारित जीरो लिक्विड डिस्चार्ज संयंत्रों के लिए राशि भी निर्धारित कर दी गई है। अनूपशहर चीनी मिल के प्रबंधक पीके सिंह का कहना है कि मिल में अब शासन ने बायोकंपोस्ट आधारित जीरो लिक्विड संयंत्र लगाने का निर्णय लिया है। इसकी अधिकारिक सूचना प्राप्त हो गई है। अभी इस पर खर्च होने वाली राशि की जानकारी नहीं मिल पाई है। इस संयंत्र के लगने से किसानों को लाभ होगा।