अब जियो मैपिंग से रुकेगा राशन वितरण का गड़बड़झाला
बुलंदशहर। राशन वितरण में होने वाले गड़बड़झाले को अब जियो मैपिंग रोकेगा। इसके लिए राशन की दुकानों पर ई-पॉश मशीनों को अक्षांश व देशांतर के हिसाब से लगाया जाएगा। 100 मीटर की परिधि से बाहर जाने पर यह मशीन खुद ही लॉक हो जाएगी।
जिले में 1426 राशन की दुकान है। इसी से हर माह फूड सिक्योरिटी से जुड़े 6.50 लाख राशन कार्ड धारक परिवारों के 26 लाख से अधिक सदस्यों को राशन का वितरण होता है। अकसर ये शिकायत मिलती है कि दुकानदार दुकान में नहीं, बल्कि घर से राशन का वितरण करते हैं। समय-समय पर राशन वितरण न होने की शिकायत भी मिलती रहती है। इससे अधिकतर पात्र राशन कार्ड धारक राशन से वंचित रह जाते हैं। इस समस्या को दूर करने के लिए अब विभाग ने रास्ता निकाल लिया है। विभाग ने निर्णय लिया है कि अब ई-पॉश मशीनों की जियो मैपिंग की जाए। इसके लिए दुकानदार को दुकान की फोटो भी अपलोड करनी होगी। इससे यह पता चल जाएगा कि राशन कब और कहां बांटा गया। इसके लिए विभागीय अधिकारियों ने तैयारी कर ली है। अफसरों का कहना है कि इस नई व्यवस्था को जल्द शुरू कर राशन वितरण में होने वाले गड़बड़झाले को रोका जाएगा।
इस तरह होगी जियो मैपिंग
शहर की दुकानों पर मशीन पहले से ही लगाई जा चुकी है। इससे 95 फीसदी अक्षांश व देशांतर के हिसाब से ई-पॉश मशीनें अपग्रेड की जाएंगी। ग्रामीण क्षेत्र की दुकानों पर अभी ई-पॉश मशीन नहीं लगी है। इसके लिए विभाग की ओर से तैयारी शुरू हो चुकी है। अफसरों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र की दुकानों पर भी ई-पॉश मशीन अक्षांश और देशांतर के हिसाब से लगाई जाएंगी।
इस तरह रुकेगी कालाबाजारी
अधिकारियों के अनुसार जियो मैपिंग के जरिये राशन की दुकानों की लोकेशन ट्रेस होगी। इससे चोरी छिपे व मनमाने तरीके से राशन वितरण नहीं किया जा सकेगा। दुकानदार जैसे ही राशन वितरण शुरू करेगा उसकी पूरी डिटेल अधिकारियों के पास पहुंच जाएगी। इस नई व्यवस्था से राशन वितरण पर सीधी निगाह रखी जा सकेगी।
सर्वर और सिम की समस्या भी होगी दूर
अधिकारियों के मुताबिक जियो मैपिंग से पहले सर्वर व सिम की समस्या को दूर करने के लिए कंपनी से संपर्क किया जाएगा। पहले सर्वर और सिम की लोकेशन ली जाएगी उसके बाद ही ई-पॉश मशीन को दुकान पर सेट किया जाएगा।
राशन वितरण में होने वाले गड़बड़झाले को रोकने के लिए जियो मैपिंग कराई जाएगी। इस नई व्यवस्था से राशन वितरण न करने जैसी शिकायतों पर रोक लगेगी तो राशन वितरण भी तरीके से होगा। इस व्यवस्था को लागू करने के लिए विभाग की ओर से तैयारी की जा रही है। - केबी सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी, बुलंदशहर।