कड़ी मेहनत और अनुशासन से मिलता है लक्ष्य: डीएम
बुलंदशहर। अमर सिंह इंटर कॉलेज लखावठी में मंगलवार को सम्मान समारोह का आयोजन हुआ। इसमें मुख्य अतिथि डीएम अनुज कुमार झा रहे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह की शुरूआत की। साथ ही विद्यालय में रसायन विज्ञान प्रयोगशाला कक्ष का लोकार्पण भी किया।
डीएम ने कहा कि कड़ी मेहनत और अनुशासित रहकर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। छात्र-छात्राएं खुली आंखों से सपने देखें और अपना लक्ष्य निर्धारित कर प्रत्येक परीक्षा में सफलता प्राप्त करते हुए अपने विद्यालय और जिले का नाम रोशन करें। उन्होंने शिक्षा के साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कहा कि शिक्षा के बिना कुछ भी संभव नहीं है। वह पूरा ध्यान शिक्षा पर केंद्रित करें और शिक्षा के उपरांत देश के बड़े-बड़े पदों पर अपनी सेवाएं देकर राष्ट्र की उन्नति में भागीदारी बनें। जिला विद्यालय निरीक्षक आरके तिवारी ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि वह अपने बच्चों को शिक्षा पर ध्यान केंद्रित करने के लिए जागरूक करें। कॉलेज के प्रधानाचार्य पीके शर्मा ने विद्यालय की प्रगति पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि अभिभावक व अध्यापकों के साथ बच्चों के सहयोग से यह विद्यालय लगातार प्रगति करे। इस दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।