ज्वेलरी शॉप का ताला तोड़ते बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़
बुलंदशहर। अगौता कस्बे में मेन रोड पर स्थित ज्वेलरी शॉप का शटर तोड़कर चोरी करने की कोशिश कर रहे दो बदमाशों की शनिवार तड़के थाना पुलिस से मुठभेड़ हुई। पुलिस की गोली से घायल हुए एक बदमाश को दबोच लिया गया, जबकि एक बदमाश भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश को प्राथमिक उपचार के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
अगौता थाना प्रभारी नरेश कुमार शर्मा ने बताया कि शनिवार तड़के वह क्षेत्र में टीम के साथ गश्त पर थे। जब वह सुबह करीब पांच बजे गढ़ी चौराहे से कस्बा मैन रोड की तरफ आए तो गाड़ी की रोशनी में एक बाइक खड़ी दिखाई दी, उसके पास दो बदमाश एक ज्वेलरी शॉप का शटर तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस को आता देख आरोपी मौके से बाइक लेकर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने कुछ ही दूरी पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को रोकने की कोशिश की। लेकिन, आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि बदमाशों की गोली से किसी पुलिसकर्मी को हानि नहीं पहुंची। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया। जिसे पुलिस ने दबोच लिया, लेकिन एक बदमाश मौके से भागने में कामयाब रहा। पकड़े गए बदमाश की शिनाख्त इमरान पुत्र हाशिम निवासी गांव मालागढ़ थाना अगौता के रुप में हुई। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। आरोपी इमरान पर हत्या, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट से संबंधित करीब एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।