परीक्षा केंद्रों में नहीं लगाए जा रहे वाइस रिकार्डर
बुलंदशहर। यूपी बोर्ड परीक्षा में इस बार वाइस रिाकर्डर लगाना जरूरी किया गया है। बावजूद इसके अभी तक संभावित परीक्षा केंद्रों में विभागीय अफसरों द्वारा दो बार रिमाइंडर जारी करने के बाद भी वाइस रिकार्डर नहीं लगाए गए। अफसर एक बार फिर रिमाइंडर जारी करने की तैयारी कर रहे हैं।
यूपी बोर्ड की परीक्षा के लिए शासन से लेकर बोर्ड और जिला मुख्यालय में कड़ी व्यवस्था की जा रही है। इस बार परीक्षा कक्ष में सीसीटीवी के साथ वाइस रिकार्डर लगाना जरूरी किया गया है। यह निर्णय शासन ने नकल रहित परीक्षा करवाने के उद्देश्य से लिया है। हालांकि इस बार परीक्षा कक्ष में दो कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए थे। हाल में इस निर्देश में संशोधन करते हुए अब एक कैमरा बाध्य कर दिया है। जबकि वाइस रिकार्डर जरूरी है। इसके लिए विभागीय अफसर लगातार संभावित परीक्षा केंद्रों पर वाइस रिकार्डर लगवाने के लिए रिमाइंडर जारी करने की तैयारी कर रहे हैं। बावजूद इसके अभी तक अधिकतर परीक्षा केंद्रों पर वाइस रिकार्डर नहीं लग सका है। विद्यालयों का तर्क है कि वाइस रिकार्डर लगाने के लिए उनके पास बजट नहीं है। साथ ही वह कई तरह के बहाने भी बना रहे हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक आरके तिवारी ने कहा कि जो भी विद्यालय परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। उनमें वाइस रिकार्डर लगाना जरूरी होगा। यदि इसका पालन नहीं किया गया संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बताया कि इससे पहले भी वह दो बार रिमाइंडर जारी कर चुके हैं। अब तीसरी बार रिमाइंडर जारी करने की तैयारी है।