बच्चों के विवाद में भिड़े दो पक्ष, तीन घायल
- घर के बाहर खेलने के दौरान दो बच्चों में हो गया था झगड़ा
- दोनों बच्चों के परिजनों में चले लाठी डंडे, लोगों ने कराया समझौता
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आवास विकास में शुक्रवार शाम को खेल के दौरान बच्चों के बीच हुए झगड़े के बाद दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें दोनों ही पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। स्थानीय प्रबुद्धजनों ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत करा कर समझौता करा दिया है।
नगर के मोहल्ला आवास विकास प्रथम स्थित एक मैदान में बच्चे शुक्रवार शाम क्रिकेट खेल रहे थे। इस दौरान दो बच्चों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। साथ ही एक बच्चे ने दूसरे बच्चे के साथ हाथापाई कर दी। इस दौरान मामला दोनों बच्चों के परिजनों तक पहुंच गया। एक पक्ष के लोगों ने दूसरे बच्चे के घर पहुंच कर शिकायत की। जिस पर दूसरे बच्चे के परिजनों ने उनके साथ हाथापाई कर दी और देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चल गए। मोहल्लेवासियों ने दोनों पक्षों के मध्य बीच बचाव कर मामला शांत कराया। नगर कोतवाली पुलिस ने मामले में कोई भी तहरीर मिलने व जानकारी होने से इंकार किया है।