यूपी टीईटी परीक्षा: व्हाइटनर लगी ओएमआर सीट होगी निरस्त
बुलंदशहर। शिक्षक पात्रता परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान सजगता बरतनी होगी। गलती से यदि ओएमआर सीट पर निशान लग गया और बाद में सही करने के लिए व्हाइटनर लगा मिला तो सीट निरस्त हो जाएगी। शासन ने इसके लिए विभागीय अफसरों को आदेश जारी कर दिए हैं।
शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) को नकल रहित और शांतिपूर्ण संपन्न करवाने के लिए पिछले काफी समय से तैयारी चल रही है। परीक्षा को लेकर शासन और विभाग की ओर से लगातार आदेश जारी हो रहे हैं। साथ ही 18 नवंबर को होने वाली परीक्षा के लिए जिला स्तर पर भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा ओएमआर सीट के माध्यम से होगी। अब शासन ने आदेश जारी किए हैं कि यदि ओएमआर सीट पर व्हाइटनर लगाया तो सीट निरस्त कर दी जाएगी। बताया जा रहा है कि यह निर्णय शासन ने पूर्व में सामने आ चुके फर्जीवाड़े के चलते लिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक आरके तिवारी ने बताया कि शासन का आदेश मिल चुका है। अभ्यर्थियों को इसकी जानकारी देने के लिए आदेश को सार्वजनिक कर दिया गया है।
परीक्षा केंद्रों पर चाक चौबंद रहेगी व्यवस्था
- एसटीएफ, प्रशासन और पुलिस ने परीक्षा केंद्रों का किया मुआयना
- कल दो पालियों में होगी परीक्षा, 22 हजार से अधिक परीक्षार्थी करेंगे भागीदारी
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। शिक्षक पात्रता परीक्षा को लेकर परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है। एसटीएफ, प्रशासन और पुलिस ने परीक्षा केंद्रों का मुआयना कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने का निर्णय लिया है। परीक्षा रविवार को दो पालियों में संपन्न होगी। इसमें 22 हजार से अधिक परीक्षार्थी भागीदारी करेंगे।
यूपी टीईटी परीक्षा के लिए जिले में 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को शासन व विभागीय आदेश पर करवाने के लिए डीएम अनुज कुमार झा ने परीक्षा से जुड़े अफसरों और केंद्र व्यवस्थापकों आदि की बैठक लेकर कड़े आदेश जारी किए हैं। साथ ही चेतावनी दी है कि किसी भी परीक्षा केंद्र पर किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा सरकार से मिले आदेश के तहत ही होगी। परीक्षा से जुड़े अफसरों को सजग रहना होगा। जिला विद्यालय निरीक्षक आरके तिवारी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्था चाक चौबंद रहेगी। एसटीएफ, प्रशासन और पुलिस ने परीक्षा केंद्रों का मुआयना कर लिया है। साथ ही परीक्षा को नकल रहित और शांतिपूर्ण कराने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।