30 घंटे बाद बरामद हुआ नहर में डूबे छात्र का शव
- नहर में पानी कम होने पर पैदल ही कर रहा था पार
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र में वलीपुरा नहर को पैदल पार करने के दौरान डूबे छात्र का शव रविवार को करीब 30 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। छात्र की मौत के बाद हंगाम कर रहे लोगों को पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत किया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के गांव कमालपुर निवासी जावेद का 15 वर्षीय पुत्र शादान एक इंटर कालेज में कक्षा नौ का छात्र था। शनिवार दोपहर को शादान अपने घर से कहीं जाने के लिए निकला था। बताया गया कि वलीपुरा नहर में कम पानी होने के कारण छात्र उसे पैदल ही पार करने लगा। नहर के बीच में कोई गड्ढा होने के कारण छात्र उसमें डूब गया। कुछ देर बाद लोगों को शादान के डूबने की खबर मिली। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। गोताखोरों ने भी उसकी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका था। रविवार दोपहर को शादान का शव नहर में बने एक गड्ढे से बरामद हुआ। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। देहात कोतवाली प्रभारी तपेश्वर सागर ने बताया कि मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। कुछ लोग हंगामा करने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें समझा बुझाकर शांत कर दिया गया। युवक की शनिवार से ही तलाश की जा रही थी।