गन्ना पेराई लक्ष्य के लिए अफसरों ने लखनऊ में फिर डाला डेरा
बुलंदशहर। जिले की चीनी मिलों को गन्ना पेराई का लक्ष्य आवंटित कराने के लिए एक बार फिर विभागीय अफसर लखनऊ पहुंच गए हैं। वह कई दिन से वहां डेरा डाले हुए हैं। साथ ही लक्ष्य निर्धारण करने के लिए गुणा-भाग में जुटे हुए हैड्ड। डीसीओ का कहना है कि इस बार गन्ना लक्ष्य मिलने के बाद वापस लौटेंगे।
जिले में इस बार गन्ना रकबा बढ़कर 64 हजार हेक्टेयर को पार कर गया है। जबकि गन्ना उत्पादक किसानों की संख्या भी बढ़कर एक लाख 11 हजार को पार कर गई है। साथ ही करीब पांच हजार किसानों के फर्जी बांड भी कैंसल हो गए हैं। जिला गन्ना अधिकारी और सहकारी गन्ना समिति के अलावा वेव शुगर मिल को छोड़कर शेष तीन चीनी मिलों ने भी गन्ना पेराई के लिए लगभग तैयारी पूरी कर ली है। पिछले दिनों शासन के आदेश पर मिलों को चलाने की तिथि भी जारी कर दी गई थी। लेकिन मिलों को गन्ना पेराई लक्ष्य का आवंटन नहीं मिलने से काम आगे नहीं बढ़ पाया। पिछले दिनों विभागीय अफसर गन्ना पेराई का लक्ष्य लेने लखनऊ गए थे, लेकिन कई दिन तक लक्ष्य नहीं मिलने पर बैरंग वापस लौट आए थे। अब एक बार फिर विभागीय अफसर पिछले कई दिन से लखनऊ में डेरा डाले हुए हैं। वह लक्ष्य प्राप्ति के लिए गुणा-भाग में जुटे हुए हैं। जिला गन्ना अधिकारी डीके सैनी का कहना है कि इस बार गन्ना पेराई का लक्ष्य लेकर ही वापस लौटेंगे। लक्ष्य मिलने के बाद चीनी मिलों को आवंटित कर दिया जाएगा। साथ ही मिलों को चलवाने की प्रक्रिया तेज की जाएगी। चीनी मिलों को पूर्व में भी अपनी तैयारी करने और मिलों को चलाने के आदेश जारी किए जा चुके हैं।