100 उर्दू शिक्षकों की बीएसए कार्यालय से नियुक्ति फाइल गायब
बुलंदशहर। जिला बेसिक कार्यालय से 100 से अधिक उर्दू शिक्षकों की नियुक्ति संबंधी फाइल गायब हैं। यह सभी शिक्षक वर्ष 2010 के बाद नियुक्त हुए थे। इससे विभाग में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। फाइल न मिलने पर बीएसए ने तत्कालीन बाबू को पत्र लिखकर फाइल मांग ली हैं।
शासन ने भर्तियों व नियुक्तियों में लगातार आ रहे गड़बड़झाले के मामलों को गंभीरता से लेते हुए परिषदीय स्कूलों में वर्ष 2010 के बाद नियुक्त हुए शिक्षक व कर्मचारियों की बीएसए से सूची मांगी है। यह आदेश मिलने पर विभागीय अफसर और बाबू इस बीच नियुक्त हुए शिक्षकों की फाइल खंगालने के साथ उनके नाम सूची में शामिल कर रहे हैं। अब विभाग में उस समय हड़कंप मच गया, जब 100 से अधिक उर्दू के शिक्षकों की कार्यालय से फाइल गायब मिलीं। इससे विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। इसकी जानकारी बीएसए को भी दी गई। बीएसए ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्कालीन बाबू को पत्र लिखकर फाइल मांग ली हैं। बताया जा रहा है कि जिस बाबू के कार्यकाल में उर्दू के शिक्षकों की नियुक्ति हुई थी। उसका स्थानांतरण कहीं और हो गया है।
दूसरे शिक्षकों की सूची तैयार
जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय के अफसर और बाबुओं ने वर्ष 2010 के बाद नियुक्त हुए दूसरे शिक्षकों की सूची लगभग तैयार कर ली है। बताया गया कि उर्दू के शिक्षकों की फाइल न मिलने और उनके नाम पता न होने के कारण बनाई जाने वाली शिक्षकों की सूची अभी अधूरी है। यह सूची तभी पूरी होगी, जब उर्दू के शिक्षकों की फाइल व नाम मिल जाएंगे।
कोट्
कार्यालय में वर्ष 2010 के बाद नियुक्त उर्दू शिक्षकों की फाइल नहीं मिल रही है। फाइल प्राप्त करने के लिए तत्कालीन बाबू को पत्र लिख दिया है। उसके बाद ही शासन द्वारा मांगी गई शिक्षकों की सूची तैयार होगी। - अम्बरीष कुमार, बीएसए