निरीक्षण में कस्तूरबा सहित सात स्कूलों में मिले कम बच्चे
बुलंदशहर। बीएसए ने कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय अरनिया सहित सात स्कूलों का निरीक्षण किया। इनमें बच्चों की संख्या कम मिली। शिक्षा की गुणवत्ता व साफ-सफाई के के साथ कई अनियमितताएं भी मिली। इस पर शिक्षकों को बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थिति और अनियमितताएं दूर करने के आदेश देने के साथ स्पष्टीकरण भी मांगा है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीष कुमार ने बताया कि उन्होंने अरनिया स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पंजीकृत 84 में से मात्र 60 छात्राएं मिली। यहां पर कई अनियमितताएं भी पाई गई। इस पर फुट टाइम वार्डन से स्ष्टीकरण मांग लिया गया है। इसके अलावा गांव दशहरा स्थित उच्च प्राथमिक का निरीक्षण किया। यहां पर पंजीकृत 25 में से 10 बच्चे उपस्थित पाए गए। इसी तरह दशहरी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण में पंजीकृत 38 में से 21 उच्च प्राथमिक विद्यालय दशहरी में 21 में से 10 खुरावली स्थित प्राथमिक विद्यालय में 89 में से 52 और इसी गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में 38 में से 32 और गांव अरनिया खुर्द के प्राथमिक विद्यालय में 105 में से मात्र 73 बच्चे ही उपस्थित मिले। इन स्कूलों में साफ-सफाई भी ठीक नहीं मिली। शिक्षा की गुणवत्ता भी अच्छी नहीं पाई गई। इस पर सभी स्कूलों के शिक्षकों को शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के साथ साफ-सफाई के अलावा अन्य अनियमितताओं को दूर करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। बीएसए ने शिक्षकों को चेतावनी दी है कि स्कूलों का निरीक्षण जारी रहेगा। इस दौरान स्कूल में खामी मिलने और शिक्षा की गुणवत्ता सही न पाए जाने पर शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।