गुलावठी स्थित कस्तूरबा विद्यालय से शिक्षक-वार्डन मिले गायब
बुलंदशहर। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शुक्रवार को गुलावठी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शिक्षक और वार्डन अनुपस्थित मिले। स्कूल में मौके पर सिर्फ चपरासी और रसोइयां मिले। इस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी का एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीष कुमार ने बताया कि वह शुक्रवार को सुबह 9:35 बजे गुलावठी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय पहुंचे। इस समय विद्यालय का समस्त स्टाफ गायब मिला। साथ ही पता चला कि वार्डन पिछले 15 दिन से अवकाश पर हैं। इस दौरान विद्यालय में पंजीकूत 72 के सापेक्ष मात्र 38 छात्राएं ही मिली। छात्राओं ने शिकायत की थी कि शिक्षक आदि उनके साथ अच्छा व्यवहार नहीं करते हैं। छात्राओं ने मारपीट करने का भी आरोप लगाया, जिससे साफ हो गया है कि विद्यालय में छात्राओं की उपस्थिति इसलिए ही कम हो रही है। साथ ही विद्यालय में कई अनियमितताएं भी मिलीं। इस पर फिलहाल पूरे स्टाफ का एक-एक दिन का वेतन काटने के आदेश जारी किए हैं। बीएसए ने बताया कि इसके बाद गांव भमरा स्थित दो परिषदीय स्कूलों का निरीक्षण किया गया। यहां पर बच्चों की संख्या भी ठीक मिली और सभी शिक्षक उपस्थित मिले। स्कूलों में व्यवस्थाएं भी कुछ हद तक ठीक मिलीं। उन्होंने बताया कि स्कूलों का निरीक्षण जारी रहेगा।