डीएम की कक्षा में ‘फेल’ हुए मास्टर जी
बुलंदशहर। शैक्षणिक स्तर की गुणवत्ता के सुधार के लिए डीएम की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। डीएम की क्लास में शिक्षक खरे नहीं उतर सके। इस कारण डीएम ने कड़ी फटकार लगाते हुए शिक्षा का स्तर सुधारने के निर्देश दिए।
डीएम अनुज कुमार झा की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार शाम शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए स्कूलों के प्रधानाचार्य और शिक्षा विभाग के अफसरों के साथ बैठक की गई। इसमें डीएम ने स्कूलों में न पहुंचने वाले बच्चों के परिजनों के साथ बैठक कर उन्हें स्कूल तक लाने के निर्देश दिए। डीएम ने प्रधानाचार्य और शिक्षकों से उनके विषयों के बारे में सवाल पूछे। अधिकतर शिक्षक डीएम के सवालों का जवाब नहीं दे पाए। डीएम ने एक शिक्षक से पूछा कि सौर मंडल में कितने ग्रह हैं, लेकिन मास्टर जी तो मास्टर जी ठहरे, सवाल सुनते हीं वह हॉल को निहारने लगे। इस पर डीएम भड़क गए। डीएम ने शिक्षकों और अफसरों को जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के आदेश देते हुए कमजोर बच्चों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बीएसए को निर्देश दिए कि स्कूलों में निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति और अनुपस्थिति के बारे में पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं। साथ ही बच्चों को पढ़ाए जाने वाले विषयों के बारे में उनसे सवाल-जवाब भी करें। इस दौरान बीएसए अमरीश कुमार समेत अन्य एबीआरसी व प्रधानाचार्य मौजूद रहे।