तीन लाख की दवा सील, आठ दवाओं के सैंपल भरे
नरौरा। रामघाट क्षेत्र में औषधि विभाग की टीम ने अभियान के तहत बुधवार को दो मेडिकल स्टोर संचालकों पर कार्रवाई की है। टीम ने दोनों स्टोर से करीब तीन लाख रुपये की दवा सील करते हुए आठ दवाओं के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं।
औषधि निरीक्षक दीपालाल ने अलीगढ़ और बागपत के औषधि निरीक्षक के साथ बुधवार को मेडिकल स्टोर पर छापेमार कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने एक स्टोर संचालक वीरेश कुमार पुत्र राजकुमार को दवा बिक्री का लाइसेंस दिखने को कहा, लेकिन वो लाइसेंस नहीं दिखा सके। इस पर टीम ने उनके मेडिकल स्टोर में रखी 2.5 लाख की दवा सील करते हुए चार दवाओं के सैंपल भरकर जांच के लिए भेज दिए। इसके अलावा टीम ने अशोक कुमार पुत्र बदम सिंह के मेडिकल स्टोर पर छापेमारी करते हुए 30 हजार की दवाएं सील कर दी। जबकि चार दवाओं के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। समाचार लिखे जाने तक औषधि विभाग की टीम दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी में लगी हुई थी। टीम में अलीगढ़ औषधि निरीक्षक हेमेंद्र चौधरी, औषधि निरीक्षक (बागपत) वैभव कुमार मौजूद रहे। वहीं, एसएचओ रामघाट आरके सिंह ने बताया कि औषधि निरीक्षक टीम ने तहरीर दी है। मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।