राम मंदिर बनाना है तो हिंदुओं की बनानी होगी सरकार: डा. प्रवीण तोगड़िया
डिबाई। अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के संस्थापक और अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि भाजपा सरकार राम मंदिर मुद्दे को लेकर सत्ता में आई थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद अपना वादा भूल गई है। उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए हिंदुओं की सरकार बनाने का आह्वान किया। इसके अलावा उन्होंने कई मुद्दों पर केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।
मंगलवार अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू परिषद के संस्थापक और अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने कस्बा स्थित रामनगर में आयोजित एक जनसभा में शिरकत किया। डॉ. प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि 2014 के चुनावों में भाजपा सरकार ने राम मंदिर निर्माण की शपथ ली थी। जिसके बाद हिंदुओं ने एकजुट होकर भाजपा को पूर्ण बहुमत से सत्ता में बैठाया था। जबकि अब भाजपा अपने वादों को भूल गई है। जिससे हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है। तोगड़िया ने कहा कि मोदी ने राम के नाम पर सरकार बनाकर 500 करोड़ का दफ्तर तो बना लिया, परंतु उन्हें दुख है कि अयोध्या में राम लला आज भी तंबू में विराजमान हैं। तोगड़िया ने कहा कि सरकार एससी-एसटी एक्ट मामले पर सुप्रीम कोर्ट की नहीं मानकर कानून को पलट देती है। जबकि, राम मंदिर के मामले सुप्रीम कोर्ट का हवाला देती फिर रही है। कश्मीर से धारा 370 हटाने के मामले में भी तोगड़िया ने केंद्र सरकारी पर हमला बोला। साथ ही उन्होंने भाजपा सरकार को किसान विरोधी सरकार बताया। कार्यक्रम का संचालन प्रवेश शर्मा ने किया। मौके दौरान देवेश उपाध्याय, ईश्वरी प्रसाद, रणजीत सिंह राघव, संजीव चौधरी, संजय कुमार मौजूद रहे।
नरौरा में हुआ तोगड़िया का स्वागत
नरौरा। नगर के दीनदयाल चौराहे पर सोमवार की देर शाम अंर्तराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया का नागरिकों ने स्वागत किया। बबराला से डिबाई जाते समय सोमवार रात को दीनदयाल चौक पर स्वागत के दौरान डा. प्रवीण तोगड़िया ने संक्षिप्त में अगली बार हिन्दू सरकार की बात कही। उन्होंने कहा आज देश में विदेशी संस्कृति हावी की जा रही है। स्वागत करने वालों में संजीव चौधरी, नवनीत शर्मा, हरिओम गिरि, अनिल वार्ष्णेय, शेखर शर्मा, तन्नू गुप्ता, तेजप्रकाश शर्मा, गिरीशचंद्र पंत आदि मौजूद रहे।