बोर्ड परीक्षा: अफसर-कर्मचारी परीक्षा को लेकर गंभीर नहीं
बुलंदशहर। बोर्ड परीक्षा को लेकर शासन और बोर्ड सजग है। जिले के विभागीय अफसर और कर्मचारी गंभीर नहीं दिखाई दे रहे। वह शासन और विभागीय परीक्षा संबंधी आदेशों का पालन नहीं कर रहे हैं।
फरवरी 2019 में शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षा के लिए शासन और बोर्ड की ओर से इस बार कई सख्त कदम उठाए गए हैं। परीक्षा को नकल विहीन करवाने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को लगातार आदेश दर आदेश प्राप्त हो रहे हैं। कुछ बातों को छोड़ दिया जाए तो अधिकतर आदेशों का विभागीय अफसर और कर्मचारी पालन करना दूर की बात गंभीर दिखाई नहीं दे रहे। जिस कर्मचारी ने बोर्ड की कमान संभाल रखी है। वह अक्सर गायब रहता है तो दूसरे को यह तक नहीं पता रहता कि परीक्षा के संबंध में क्या चल रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि अफसर भी एक-दूसरे पर परीक्षा संबंधी आदेशों का पता होने का हवाला देकर पल्ला झाड़ रहे हैं। कार्यालय में चर्चा है कि परीक्षा की कमान विभागीय अफसर और कर्मचारियों से अधिक एक कॉलेज के प्रधानाचार्य को दी गई। इससे साफ हो रहा है कि कार्यालय में कोई ऐसा काबिल अफसर और कर्मचारी नहीं है कि जो परीक्षा की कमान संभाल सके। कुल मिलाकर जो भी परीक्षा को लेकर तैयारी चल रही हैं। वह धरातल पर नहीं चल रही हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक आरके तिवारी का कहना है कि बोर्ड परीक्षा को लेकर किसी तरह की कोताही नहीं बरती जा रही है। सभी काम नियमानुसार किए जा रहे हैं।