उर्वरक विक्रेता नहीं चला रहे पीओएस मशीन
बुलंदशहर। जिले में उर्वरक विक्रेता प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीन नहीं का प्रयोग नहीं कर रहे हैं। इस लापरवाही पर विभागीय अधिकारियों ने दुकान संचालकों की दुकान का लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी दी है। साथ ही जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि इस मनमानी को रोकने के लिए जल्द ही अभियान चलाया जाएगा।
पिछले दिनों शासन ने फसलों में प्रयोग होने वाले यूरिया, डाई और अन्य उर्वरक के वितरण में पारदर्शिता लाने और गड़बड़झाले को रोकने के लिए उर्वरक विक्रेताओं को प्वाइंट ऑफ सेल (पीओएस) मशीन लगाने के आदेश दिए थे। इस आदेश से जिला कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा भी दुकानदारों को समय पर ही अवगत करवा दिया गया था। साथ ही कई बार यह भी चेतावनी दी गई कि यदि वह पीओएस मशीन का प्रयोग नहीं करते या नहीं खरीदते तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इसका कुछ असर भी हुआ और दुकानदारों ने पीओएस मशीन तो खरीद ली, लेकिन उसका का प्रयोग नहीं कर रहे हैं। इससे शासन की पहल से पारदर्शिता और गड़बड़झाले को रोकने के प्रयास विफल साबित हो रहे हैं। चर्चा है कि अधिक कमाई के लालच में दुकानदार इस मशीन का प्रयोग करने से परहेज कर रहे हैं। अब एक बार फिर कृषि विभाग के अधिकारियों को मशीन का प्रयोग न करने की याद आई और दुकानदारों को चेतावनी दी है कि यदि मशीन का प्रयोग नहीं किया तो उनकी दुकान का लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी अश्वनी कुमार सिंह ने बताया कि प्रत्येक उर्वरक विक्रेता को पीओएस मशीन का प्रयोग करना अनिवार्य है। यह शासन का आदेश है और इसका पालन न करने वाले दुकानदारों पर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही इसके लिए अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने उर्वरक विक्रेताओं को हरहाल में पीओएस मशीन का प्रयोग करने के निर्देश दिए हैं।