परिषदीय स्कूलों के बच्चों को खाने में अब मिलेगी अरहर की दाल
बुलंदशहर। परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्रओं को मध्याह्न भोजन में सप्ताह में एक दिन अरहर की दाल दी जाएगी। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से गेहूं, चावल की तरह अब अरहर की दाल भी विद्यालयों को आवंटित की जाएगी। शासन ने जिले को दाल मुहैया कराने वाली संस्था को पत्र लिखा है। साथ ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मिड-डे-मील 2003 मेन्यू के अनुसार हर मंगलवार को बच्चों को चावल, चना के अलावा कोईभी दाल खिलाने का नियम था, जिसमें बदलाव किया गया है। अब अरहर की दाल को अनिवार्य किया गया है। शासन की ओर से निर्धारित फर्म एफसीआई के गोदाम पर दाल भेजेगी, वहां से बदायूं के गोदाम पर दाल भेजी जाएगी। चावल व गेहूं की तरह विभाग दाल के पैकेट वहां से उठाकर विकास क्षेत्रों में भेजेगा। बच्चों को कितनी दाल खिलाई जाएगी इसकी जानकारी विभाग को नहीं दी गई है। शासनादेश के अनुसार नेफेड संस्था भारतीय खाद्य निगम के गोदाम पर दाल की आपूर्ति करेगी। दाल का पैकेट सील बंद होगा। एक सैंपल फार्म और दूसरा सैंपल एफसीआई के पास सुरक्षित रहेगा। आपूर्ति होने वाली दाल के मूल्य का भुगतान परिवर्तन लागत मूल्य से किया जाएगा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीष कुमार ने बताया कि शासन से हर मंगलवार को बच्चों को अरहर की दाल का वितरण कराने का निर्देश प्राप्त हुआ है, लेकिन अभी विस्तार से जानकारी नहीं मिली है।