जिले में डेंगू ने दस्तक दे दी है। डिबाई क्षेत्र के एक युवक में डेंगू के लक्षण मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। एडीज इजिप्ट मच्छर की खतरनाक और पहली दस्तक से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। स्वास्थ्य विभाग मामले की जांच कराने के बाद ही डेंगू की पुष्टि करने की बात कह रहा है।
डिबाई क्षेत्र के गांव कर्णवास निवासी पूर्व प्रधान भीकम सिंह का 30 वर्षीय पुत्र आलोक गुरुग्राम की एक कंपनी में नौकरी करता है। गत सोमवार को कंपनी से अवकाश लेकर गांव आया था। गांव आने के दौरान बुखार की चपेट में आ गया। गांव और क्षेत्र में कई चिकित्सकों को दिखाने के बाद स्वास्थ्य में सुधार न होने पर गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया जहां जांच में चिकित्सकों ने आलोक में डेंगू की पुष्टि की है। जिले में डेंगू की दस्तक से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
क्या हैं लक्षण
- अचानक तेज बुखार के साथ तेज सिरदर्द होना
- मांसपेशी-जोड़ों में भयानक दर्द
- चक्कर आना, भूख न लगना, दस्त लगना
- प्लेटलेट्स का कम होना
- रक्त स्राव का होना
कैसे करें बचाव
- पानी के खुले कंटेनरों में दवाई का छिड़काव करें
- घरों के बाहर पानी न एकत्र होने दे
- शरीर को ढककर रखें, मच्छरदानी का प्रयोग करें
- लक्षण दिखने पर डॉक्टर से अवश्य परामर्श लें