वेव शुगर मिल की हालत देख अफसरों को लगाई फटकार
बुलंदशहर। संयुक्त गन्ना सचिव वीबी सिंह रविवार को औचक वेव शुगर मिल का निरीक्षण करने पहुंचे। उनकी आने की सूचना मिलते ही विभागीय अफसर भी मिल की ओर दौड़ पड़े। मिल की हालत को देख गन्ना आयुक्त ने अफसरों को जमकर फटकार लगाते हुए पेराई सत्र से पहले ही रिपेयर आदि का काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। वह स्याना क्षेत्र के गांव हिंगवाड़ा भी पहुंचे और गन्ना किसानों से चर्चा की।
संयुक्त गन्ना आयुक्त वीबी सिंह के आने की पूर्व में किसी अधिकारी को सूचना नहीं थी। जैसे ही अफसरों को पता चला कि गन्ना आयुक्त वेव शुगर मिल में पहुंच गए हैं तो वह मिल की ओर दौड़ पड़े। वीबी सिंह को अचानक मिल में देख अफसर भी हैरान रह गए। उन्होंने मिल का बारीकी से निरीक्षण किया और पाया कि मिल की हालत काफी खराब है। इस पर मिल अफसरों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने बताया कि मिल की हालत अच्छी नहीं है। इससे लगता है मिल प्रबंधन चलाने के मूड़ में नहीं है। लेकिन मिल को हर हाल में चलाया जाएगा और इसके लिए आदेश पहले ही जारी हो चुके हैं। किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने मिल अफसरों को आदेश जारी कर दिए हैं कि गन्ना पेराई से पहले मिल की रिपेयर आदि का काम पूरा कर लिया जाए। मिल के निरीक्षण की उन्होंने रिपोर्ट तैयार कर ली है और इसे शासन तक पहुंचा दिया जाएगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि समय पर मिल की रिपेयर आदि का काम पूरा नहीं किया गया तो कड़ी कार्रवाई होगी। जब तक वह मिल में रहे, तब तक विभागीय और मिल अफसरों में हड़कंप मचा रहा। उनके जाने के बाद ही सभी ने राहत की सांस ली। इसके बाद वह स्याना क्षेत्र के गांव हिंगवाड़ा पहुंचे और वहां पर गन्ना किसानों से चर्चा की। उन्होंने किसानों से जिले की चीनी मिलों, सहकारी गन्ना समिति और जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय की ओर से किए जा रहे कार्यों के बारे जानकारी हासिल की। साथ ही गन्ना रकबे के सर्वे, बांड बनाने, पर्ची जारी होने और कलेंडर बनाने आदि की जानकारी भी विभागीय अफसरों से हासिल की। वीबी सिंह ने किसानों को आश्वासन दिया कि उन्हें गन्ना पैराई सत्र के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी डीके सैनी सहित अन्य अफसर और कर्मचारी भी मौजूद रहे।