अब पोर्टल पर अपलोड होगी गर्भवती की सेल्फी
बुलंदशहर। शासन के आदेश पर पहली बार गर्भवती होने वाली महिला का पंजीकरण करने के साथ ही उसकी सेल्फी स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल और एप पर अपलोड की जाएगी। यह व्यवस्था प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत लागू की गई है।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लागू होने के एक साल पूरे होने पर पूरे देश में एक से सात सितंबर तक मातृ वंदना सप्ताह मनाया जा रहा है। गर्भवती महिलाओं को मातृ वंदना योजना का अधिक लाभ देने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव-गांव कैंप लगाकर और नुक्कड़ नाटक के द्वारा जागरूक किया जा रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत अब गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं पर स्वास्थ्य मंत्रालय ने नजर रखने के लिए आदेश जारी किए है कि पंजीकरण के समय आशा और एएनएम को अपने साथ गर्भवती महिला की सेल्फी लेकर पोर्टल पर अपलोड की जाए। सीएमओ डॉ. केएन तिवारी ने बताया कि शासनादेश के अनुसार जिले में सात सितंबर तक प्रधानमंत्री मातृ वंदना सप्ताह मनाया जाएगा। साथ ही सभी स्वास्थ्य कर्मियों को पहली बार सेवा का लाभ उठाने वाली गर्भवती महिला की सेल्फी अपलोड करने के निर्देश दे दिए गए है।