अब रणजी ट्रॉफी में छक्के बरसाएगा सिकंदराबाद का ‘चमन’
बुलंदशहर। मेघालय के कैंप में जलवा दिखाने के बाद अब सिकंदराबाद का चमन रणजी ट्रॉफी में छक्के बरसाएगा। चमन का मेघालय एसोसिएशन की 15 सदस्यीय टीम में चयनित होने पर परिजनों में खुशी का माहौल है। चमन के कोच मुनेश गिरी ने रविवार को प्रेसवार्ता कर जानकारी दी।
सिकंदराबाद नगर के शिवाजी नगर कालोनी निवासी जसवीर सिंह का पुत्र चमन पुष्प का मेघालय एसोसिएशन की 15 सदस्यीय टीम में चयन होने पर हैरी बालाजी क्रिकेट एकेडमी के कोच मुनेश गिरी ने बताया कि चमन पुष्प वर्ष 2008 से प्रशिक्षण ले रहा था और खेल के मैदान पर 10 घंटे से अधिक समय तक अभ्यास में जुटा रहता था। कड़े अभ्यास की मेहनत से मेघालय के कैंप से पूर्व चमन ने गुवाहटी में ट्रायल दिया। जिसमें 36 खिलाड़ियों का कैंप के लिए चयन किया गया। कैंप के दौरान बल्लेबाजी के दम पर चमन मेघालय रणजी में जगह बनाने में कामयाब रहा। मेघालय एसोसिएशन की ओर से गुजरात में 19 सितंबर से आयोजित हजारे ट्रॉफी में खेलने से पूर्व आठ से 13 सितंबर तक मेरठ में आयोजित यूपीसीए टूर्नामेंट में प्रतिभाग करेगा। चमन से पूर्व जिले के तीन खिलाड़ी रणजी में जगह बना चुके है। बताया कि चमन इससे पूर्व भी मेघालय से अंडर-19 और अंडर-23 में खेल चुका है। रणजी ट्रॉफी के साथ वह इंडिया टीम में जगह बनाने की तैयारी कर रहा है। कोच ने चमन के उज्जवल भविष्य की कामना कर आशीर्वाद दिया। साथ ही एकेडमी के अन्य खिलाड़ियों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया। इस दौरान प्रो. भीष्म सिंह, बुलंदशहर क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव महेश गुप्ता, शाहनवाज हुसैन, धीरेंद्र सिरोही, मनोज गुप्ता, अम्बरीश गुप्ता, लक्ष्मीकांत और वरिष्ठ खिलाड़ी तुषार तिवारी मौजूद रहे।