संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में मिला अधेड़ का शव
डिबाई। कस्बे से गुजर रहे कर्णवास-अनूपशहर मार्ग पर बृहस्पतिवार देर शाम एक अधेड़ का शव खेत में मिलने से सनसनी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अज्ञात में ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुछ ग्रामीण खेतों से अपने घर लौट रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक बाजरे के खेत में करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मृतक की शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस को मौके से जहर की एक डिब्बी व अन्य सामान बरामद हुआ है। मृतक के शरीर पर कोई खास चोटों के निशान भी नहीं है। थाना प्रभारी ने बताया कि शिनाख्त न होेने पर अज्ञात में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की जानकारी हो सकेगी।