ईद पर सुरक्षा होगी चाक चौबंद, रूट भी रहेगा डायवर्ट
बुलंदशहर। जिले भर में ईद उल अजहा के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद कर दिया गया है। वहीं ईद की नमाज के दौरान शहर के विभिन्न मार्गों पर रूट डायवर्जन रहेगा। जिसके चलते लोगों को थोड़ी समस्या का सामना करना पड़ सकता है।
एएसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि एसएसपी के निर्देशानुसार ईद उल अजहा के अवसर पर मस्जिदों समेत अन्य संवेदनशील व अतिसंवेदेनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद कर दिया गया है। खुफिया विभाग भी इस दौरान उपद्रवियों पर नजर बनाए रखेगा। वहीं, एएसपी ने बताया कि ईद की नमाज के चलते शहर की विभिन्न मार्गों पर बुधवार सुबह रूट डायवर्ट रहेगा। कालाआम चौराहे से अंसारी रोड की ओर सभी चार पहिया व दोपहिया वाहनों को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया गया है। डिप्टीगंज चौराहे की तरफ से अंसारी रोड की ओर सभी चार पहिया, दोपहिया वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है। रोडवेज वर्कशॉप तिराहे की तरफ से अंसारी रोड की ओर सभी चार पहिया व दोपहिया वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है। लल्ला बाबू चौराहे की तरफ से ईदगाह रोड की ओर सभी चार पहिया व दोपहिया वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है। हनुमान चौक से अंसारी रोड की ओर सभी चार पहिया व दोपहिया वाहनों के आवागमन पर भी रोक रहेगी। भूतेश्वर मंदिर तिराहे की तरफ से खुर्जा चौकी की ओर भी वाहनों का आवागमन प्रभावित रहेगा। स्याना बस स्टैंड की तरफ से कालाआम चौराहे की ओर सभी चार पहिया दो पहिया वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है। भूड़ चौराहे की ओर से कालाआम चौराहे की ओर भी सभी वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है।