भाकियू ने बैंक अफसरों को बनाया बंधक, प्रदर्शन
बुलंदशहर। भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों ने सोमवार को बैंक में किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के नाम पर की जा रही लूट के विरोध मेें भूड़ चौराहा के पास एक बैंक के बाहर प्रदर्शन किया। किसान नेताओं ने बैंक अफसरों को बंधक बनाकर जमकर नारेबाजी की। साथ ही बैंकों में किसानों को होने वाली समस्याओं से अवगत करवाने और बैंक अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग के लिए मुख्यमंत्री को मांगपत्र भेजा है।
भाकियू के मंडल उपाध्यक्ष कैप्टन बिशन सिरोही और जिलाध्यक्ष गुड्डू प्रधान ने बताया कि इस समय बैंकों में किसानों के साथ क्रेडिट कार्ड बनवाने पर लूट हो रही है। बैंकों में दलाल सक्रिय हैं और उनके माध्यम से अफसर अवैध वसूली करवा रहे हैं। बैंक अफसरों और कर्मचारियों की मनमानी से किसान परेशान हैं। जिस किसान का बैंक में केसीसी खाता है और उसी में सेविंग खाता है तो अफसर बिना किसान को सूचना दिए सेविंग खाते से केसीसी खाते में राशि ट्रांसफर कर रहे हैं। बैंक की ओर से चलाई जा रही सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों को नहीं मिल रहा और उसका लाभ दूसरे लोगों को दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सात किसानों की आठ मांगों और समस्याओं को दूर करने के लिए मांगपत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भेजा गया है। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष कैप्टन यशवीर सिंह, जिला संरक्षक दयानंद त्यागी, ब्लॉक अध्यक्ष पवन राजपूत, ठा. मदनपाल सिंह और जिला मीडिया प्रभारी राजू चौधरी आदि किसान नेता शामिल रहे।