अपात्रों को नहीं मिलेगा योजना का लाभ
बुलंदशहर। फूड सिक्योरिटी योजना में अब पात्र शामिल होंगे और अपात्र योजना से आउट होंगे। राशन वितरण में धांधली नहीं होगी। अफसर चेकिंग कर रहे हैं। जिस पात्र परिवार का अभी राशन कार्ड नहीं बना। उसका आवेदन भरवाकर राशन कार्ड बनाया जाएगा। यह सभी जिले में शासन के आदेश पर चल रहे गरीब को अन्न पखावाड़ा के तहत होगा। इसका खुलासा सोमवार को जिला पूर्ति अधिकारी केबी सिंह ने कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर किया।
जिला पूर्ति अधिकारी केबी सिंह ने बताया कि शासन के आदेश पर जिले मेें एक अगस्त से गरीब को अन्न पखवाड़ा चलाया जा रहा है। इस कार्य में विभाग के साथ कई अन्य सरकारी विभागों के अफसर और कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। इस पखवाड़े के तहत जिला स्तर के अधिकारी राशन की दुकान पर पहुंचे राशन की जांच कर रहे हैं। राशन वितरण पर्यवेक्षक के अलावा तहसील और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों की नजर में होगा। इसके तहत राशन कार्ड से वंचित परिवारों के राशन कार्ड बनवाए जाएंगे। गांव में ही ऐसे परिवारों के राशन कार्ड के लिए आवेदन भरवाए जाएंगे। साथ ही गांव में खुली बैठक कर पात्र और अपात्रों की पहचान की जाएगी। पात्र योजना में शामिल होंगे और अपात्रों को योजना से आउट किया जाएगा। इस दौरान जिन पात्र परिवारों के सदस्यों का अभी तक राशन कार्ड से आधार नंबर लिंक नहीं हुआ है। वह भी अपने आधार नंबर अपनी राशन की दुकान पर दर्ज करवा सकते हैं। इसके साथ ही राशन की कालाबाजारी को रोकने के लिए जिला, तहसील और ब्लॉक स्तर पर सतर्कता समिति बनाई जाएंगी। यह समिति समय-समय पर 15 अगस्त तक राशन की दुकानों पर जाकर राशन की उपलब्धता और वितरण आदि का जायजा लेंगी। केबी सिंह ने बताया कि शासन की गरीब को अन्न पखवाड़ा की पहल पात्रों को राशन देने और अपात्रों को बाहर करने के अलावा योजना को पारदर्शी बनाने की है।