एक सप्ताह में स्थानांतरित पुलिसकर्मियों को रिलीव करने के आदेश
बुलंदशहर। जिलेभर में स्थानांतरण के बाद भी जमे पुलिसकर्मियों के रिलीव करने के लिए उल्टी गिनती शुरू हो गई। जिलेभर में तैनात करीब दो सौ पुलिसकर्मियों को रिलीव करने के लिए अपर पुलिस महानिदेशक, स्थापना ने एसएसपी को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। आदेशों का पालन न होने पर एसएसपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि जिलेभर में करीब दो सौ पुलिसकर्मी ऐसे हैं, जिनका गैर जनपद स्थानांतरण हो चुका है, लेकिन एसएसपी के द्वारा उन्हें रिलीव नहीं किया गया है। समय रहते ऐसे पुलिसकर्मियों को रिलीव नहीं करने से उन्हें अपना स्थानांतरण रुकवाने का समय भी मिल जाता है। कई पुलिसकर्मी जिले में ऐसे भी हैं, जिनका स्थानांतरण गैर जनपद में हो चुका था, लेकिन एसएसपी के द्वारा रिलीव न किए जाने पर उन्होंने किसी न किसी के माध्यम से अपना स्थानांतरण रुकवा लिया। सूत्रों की माने और आंकड़ों पर नजर डालें तो जिलेभर में गैर जनपद स्थानांतरण के लिए करीब पौने दो सौ आरक्षियों और करीब 40 दारोगाओं के आदेश आए हुए हैं, लेकिन उन्हें अभी तक रिलीव नहीं किया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक, स्थापना पीयूष आनंद ने जारी किए अपने आदेशों में भी इस पर जिक्र किया है। उन्होंने कहा है कि मुख्यालय स्तर से स्थानांतरण आदेश निर्गत होने के बावजूद स्थानांतरणाधीन 6 पुलिसकर्मियों को संबंधित जिला प्रभारियों द्वारा समय से कार्यमुक्त नहीं किया जाता है, जिससे संबंधित कर्मियों द्वारा विभिन्न स्तरों से उच्चाधिकारियों पर स्थानांतरण आदेश का क्रियान्वयन स्थगित कराए जाने का प्रयास किया जाता है। वहीं कुछ कर्मियों के द्वारा उच्च न्यायालय में रिट दायर कर स्थानांतरण आदेश को निरस्त किए जाने की याचनाएं की जा रही हैं। इस कारण विभाग के समझ असहज की स्थिति बन रही है। उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए एसएसपी को एक सप्ताह के अंदर स्थानांतरणाधीन आरक्षी से लेकर निरीक्षक स्तर तक के सभी पुलिसकर्मियों को तत्काल कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए हैं। ऐसा न करने पर उन्होंने एसएसपी को कार्रवाई झेलने की चेतावनी दी है। एसएसपी बुलंदशहर केबी सिंह ने बताया कि आदेश मिल चुके हैं, ऐसे पुलिसकर्मियों की लिस्ट तैयार की जा रही है। आदेशों का पालन किया जाएगा।