एबी निगेटिव ब्लड चाहिए तो जिला अस्पताल मत जाइए
- ब्लड बैंक में एबी निगेटिव, ए, बी और ओ निगेटिव की कमी
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। अगर आपको या आपके मरीज को एबी निगेटिव खून की जरूरत हो और आप सोचे कि वह जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में मिल जाएगा, तो अपनी सोच बदल लीजिए। जिला अस्पताल में एबी निगेटिव ग्रुप के साथ अन्य निगेटिव रक्त की काफी कमी है। इसमें एबी निगेटिव ग्रुप का रक्त तो कई दिनों से नहीं है। ब्लड बैंक के कर्मचारी उपलब्ध रक्त की सूचना बोर्ड पर अपडेट नहीं कर रहे हैं, जिससे मरीजों को परेशानी हो रही है।
मरीजों की जान बचाने के लिए सामाजिक संगठनों के अलावा अन्य लोग अपनी स्वेच्छा से रक्तदान करते हैं, लेकिन एबी निगेटिव ब्लड काफी कम लोगों में मिलता है। गंभीर मरीजों को जब जिला अस्पताल या निजी अस्पतालों में पहुंचने के बाद जब एबी निगेटिव खून की जरूरत होती है तो परिवार के लोगों को इधर-उधर भटकना पड़ता है। ऐसे समय में तीमारदार को ब्लड बैंक से ब्लड न मिलने पर डोनरों की तलाश की जाती है, लेकिन सफलता की संभावना न के बराबर मिलती है। ऐसे में अस्पताल से मरीज को रेफर कर दिया जाता है। वहीं, दूसरी ओर कोष में किस ग्रुप का कितना रक्त है इसके लिए बोर्ड पर जानकारी अंकित न होने पर तीमारदारों को भटकना पड़ता है।
जिला अस्पताल में रक्त कोष में उपलब्ध ब्लड की मात्रा
ब्लड ग्रुप मात्रा
ए पॉजिटिव 05 यूनिट
बी पॉजिटिव 20 यूनिट
ओ पॉजिटिव 04 यूनिट
एबी पॉजिटिव 04 यूनिट
ए निगेटिव 01 यूनिट
बी निगेटिव 01 यूनिट
ओ निगेटिव 01 यूनिट
एबी निगेटिव 00 यूनिट
कोट
एबी निगेटिव रक्त कम लोगों का होता है। इसलिए इसके डोनर भी कम हैं। इस कारण इस रक्त की कमी है। किसी मरीज को जरूरत पड़ने पर दान दाताओं से संपर्क कर मरीजों को रक्त की आपूर्ति कराने में मदद की जाती है। - डॉ. प्रीतम सिंह, रक्त कोष प्रभारी