डीसीओ के आश्वासन पर किसानों का धरना समाप्त
- बकाया गन्ना भुगतान और मिल चलाने की मांग को लेकर किसानों ने डाल लिया था डेरा
- किसानों की चेतावनी जल्द नहीं हुई मांग पूरी, तो फिर होगा आंदोलन शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। वेव शुगर मिल पर डेरा डाले बैठे किसानों के बीच गत रात्रि जिला गन्ना अधिकारी पहुंचे। उन्होंने किसानों को आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को जल्द पूरा कराया जाएगा। इस पर किसानों ने धरना-प्रदर्शन स्थिगित करते हुए चेतावनी दी है कि यदि मांग जल्द पूरी नहीं हुई तो वह फिर आंदोलन शुरू करने को विवश होंगे।
बता दें किसानों ने बकाया गन्ना भुगतान और मिल को लगातार चलाने आदि मांगों के समर्थन में किसानों ने किसान संघर्ष समिति के बैनर तले वेव शुगर मिल पर धरना-प्रदर्शन कर डेरा डाल लिया था। किसानों ने चेतावनी दी थी कि अब मिल प्रबंधन की तानाशाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदेश सरकार को भी बदनाम नहीं होने दिया जाएगा। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि मिल प्रबंधन मिल को आगे चलाने के लिए तैयार नहीं है। सरकार को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। मंगलवार रात्रि जिला गन्ना अधिकारी डीके सैनी किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने किसानों को मांग जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। धरना-प्रदर्शन स्थिगित करने की बात कही। किसानों ने उनकी मांग मान ली। समिति के अध्यक्ष संग्राम सिंह ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग जल्द पूरी नहीं हुई तो किसान फिर आंदोलन करने को विवश होंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे। धरना-प्रदर्शन स्थगित होने पर अफसरों के साथ मिल प्रबंधन ने भी राहत की सांस ली है।