गोमुख-हरिद्वार से जल लाने रवाना हुई ‘खाकी’
- कांवड़ यात्रियों के साथ शामिल रहेंगे पुलिसकर्मी, रहेगी पैनी नजर
- गोपनीय रुप से असमाजिक तत्वों व गिरोहों के खिलाफ होगी कार्रवाई
- प्रत्येक थाने से दो पुलिसकर्मियों रवाना, सुरक्षा पर रहेगा विशेष ध्यान
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिलेभर से गोमुख-हरिद्वार से जल लाने वाले कांवड़ियों पर पूरे रास्ते जिला पुलिस की पैनी नजर रहेगी। प्रत्येक थाने से दो पुलिसंकर्मियों को जल लाने के साथ-साथ यात्रा मार्ग की गोपनीय रिपोर्टिंग के लिए रवाना किया जा रहा है। ये पुलिसकर्मी रास्ते भर असामाजिक तत्वों और हंगामा करने वाले गिरोह पर नजर रखेंगे। इस बात की जानकारी श्रद्धालुओं को नहीं रहेगी कि उनके साथ पद यात्रा में शामिल साथी पुलिसकर्मी है।
कांवड़ यात्रा के लिए सरकार की ओर से जारी हुए निर्देश के बाद पुलिस विभाग इस बार की कांवड़ यात्रा के लिए काफी सचेत है। कांवड़ यात्रा के दौरान कोई असामाजिक तत्व किसी प्रकार का झगड़ा न करे, इसके लिए पुलिस विभाग ने नया तरीका अपनाया है। पहले तो यात्रा में कांवड़िए के भेष में पुलिसकर्मी तैनात रहते थे। लेकिन, इस बार यात्रा की सुरक्षा के मद्देनजर जनपद के सभी थानों से पुलिसकर्मी भी यात्रियों के साथ जल लेकर लौटेंगे। बता दें कि जिले भर के 26 थानों से चुनिंदा पुलिसकर्मियों को कांवड़ यात्रा में कांवड़ती के भेष में शामिल होने के लिए भेजा जा रहा है। ये पुलिसकर्मी जिलेभर के कांवड़तियों के साथ गोमुख, हरिद्वार, अनूपशहर, गढ़मुक्तेश्वर आदि स्थानों से जल लाने के लिए रवाना हो रहे हैं। साथ ही पुलिसकर्मियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा के दौरान वह अपनी गोपनीयता भंग न होने दें। साथ ही यात्रा मार्ग में असामाजिक तत्वों, विभिन्न गिरोह के सदस्यों आदि पर अपनी पैनी नजर बनाएं रखें। स्थिति को बिगड़ने से पूर्व ही अधिकारियों को अवगत करा दिया जाए। जिससे कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोगों को समय रहते दबोच कर यात्रा को सफल बनाया जा सके।
जलाभिषेक के बाद थानों पर रखा जाएगा गंगाजल
कांवड़ यात्रा में ड्यूटी के लिए शामिल होने जा रहे पुलिसकर्मी यात्रा में शामिल तो रहेंगे ही, इसके अलावा वह गंतव्य तक पहुंचने के बाद अपने आराध्य को जलाभिषेक कर शेष बचे जल को थाने पर रखेंगे।
चप्पे-चप्पे पर रहेगी सुरक्षा
कांवड़ यात्रा के दौरान जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था चप्पे चप्पे पर रहेगी। मार्ग में पड़ने वाले भंडारों आदि पर भी पुलिस व्यवस्था को चाक चौबंद किया जाएगा। असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिसमित्रों को भी सक्रिय कर दिया गया है।
कोट..
- प्रत्येक थाने से करीब दो-दो पुलिसकर्मियों को कांवड़ यात्रा में शामिल होने के लिए भेजा जा रहा है। यात्रा के दौरान पुलिसकर्मी असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रख अधिकारियों को रिपोर्ट करेंगे। जिससे माहौल बिगड़ने से पूर्व ही स्थिति को नियंत्रण में किया जा सके। - प्रमोद कुमार, एएसपी