अब परिषदीय स्कूलों में होगी एसएमएस से हाजिरी की शुरूआत
- सभी परिषदीय स्कूलों के हेडमास्टर को दी गई विशेष ट्रेनिंग
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। अब जिले में सभी ब्लॉकों के परिषदीय स्कूलों में एसएमएस से हाजिरी की शुरूआत होगी। पूर्व में चार ब्लॉकों के स्कूल में इसकी शुरूआत हुई थी और अब शेष 12 में शुरूआत करने की तैयारी पूरी हो गई है। इसके लिए सभी स्कूलों के हेडमास्टर को विशेष ट्रेनिंग दी गई है।
जिला प्रशासन और जिला बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से स्कूल से बंक मारने वाले शिक्षकों पर लगाम कसने के लिए विगत वर्ष सेल्फी की शुरूआत की थी। सेल्फी से शिक्षक व बच्चों की संख्या का पता लगाने की यह पहल कामयाब नहीं हो पाई थी। अधिकतर स्कूलों में यह प्रक्रिया शुरू ही नहीं की गई। अब इस बार डीएम ने सेल्फी को बंद कर एसएमएस से शिक्षकों की हाजिरी की शुरूआत करने के आदेश दिए हैं। इसकी शुरूआत एक जुलाई से ही हो चुकी थी और प्रथम चरण में 16 में मात्र चार बुलंदशहर, सिकंदराबाद, गुलावठी और अगौता ब्लॉक के स्कूलों में की गई थी। लेकिन अब शेष 12 ब्लॉक के स्कूलों में भी इसकी शुरूआत कर दी गई है। इसके लिए डीएवी इंटर कॉलेज में सभी स्कूलों के हेडमास्टर को विशेष ट्रेनिंग देेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। ट्रेनिंग बृहस्पतिवार तक जारी रही और बीएसए अंबरीष कुमार ने सभी हेडमास्टर को आदेश दिए हैं कि इस कार्य में किसी भी स्कूल की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक स्कूल को अब निर्धारित आदेश के तहत एसएमएस भेजना होगा और तभी शिक्षकों की उपस्थिति मान्य होगी। उन्होंने बताया कि इसके लिए डायट परिसर में कंट्रोल बनाया गया है। हेडमास्टर की ट्रेनिंग पूरी हो चुकी है। साथ ही अब सभी 16 ब्लॉक के स्कूलों से एसएमएस से हाजिरी की शुरूआत हो चुकी है। बीएसए ने यह भी बताया कि ब्लॉक स्तर के अफसरों व कर्मचारियों को भी निर्देश जारी किए गए हैं कि जब भी कंट्रोल रूम से किसी स्कूल के निरीक्षक को कहा जाए तो वह त्वरित निरीक्षण कर उपस्थित शिक्षकों का पता लगाकर विभागीय अफसरों को अवगत करवाएं, ताकि शिक्षक हाजिरी में किसी तरह का खेल ना कर पाएं। एसएमएस से हाजिरी न भेजने वाले हेडमास्टर या जिम्मेदारी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।