औषधि निरीक्षक ने मेडिकल स्टोर पर मारे छापे
बुलंदशहर। जिला अस्पताल के समीप मेडिकल स्टोर पर सरकारी दवाईयों की बिक्री की सूचना पर बृहस्पतिवार को औषधि निरीक्षक ने छापामार कार्रवाई की। इस दौरान औषधि निरीक्षक ने दो मेडिकल स्टोर से दवाओं के सैंपल लेकर जांच को भेजे हैं।
प्रदेश स्तरीय आदेशों पर बृहस्पतिवार को औषधि निरीक्षक दीपालाल ने जिला अस्पताल के समीप आधा दर्जन मेडिकल स्टोरों पर छापेमार कार्रवाई की। अफसरों की कार्रवाई से मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया। औषधि निरीक्षक ने दो मेडिकल स्टोर से दवाओं के सैंपल लेकर जांच को भेजे हैं। औषधि निरीक्षक दीपालाल ने बताया कि किसी भी स्टोर पर सरकारी दवाईयां नहीं मिली हैं। स्टोरों पर दवाओं के रखरखाव, एक्सपायरी समेत अन्य गतिविधियां भी चेक की गई।