भूगर्भ जल बचाने को जुटेगा सरकारी कारवां
बुलंदशहर। भूगर्भ जल संरक्षण की जागरूकता के लिए इस बार कई सरकारी महकमे जुटेंगे। इसके लिए विभिन्न विभागों के समन्वय से जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन की रूपरेखा बनाई गई है। जिला और ब्लॉक के अलावा स्कूल स्तर पर भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने के लिए विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
हर साल बरसात के मौसम में भूजल संरक्षण सप्ताह का आयोजन वर्षा जल संचयन के उद्देश्य से किया जाता है। इस बार भी कार्यक्रमों की विस्तृत कार्य योजना बनाई गई है। शासनादेश के तहत जिला मुख्यालय पर सार्वजनिक स्थलों पर भूजल संरक्षण के पोस्टर आदि लगाकर लोगों को जागरूक किया गया। विकास खंड स्तर पर स्कूलों में भूमि संरक्षण पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन और साइकिल रैली आयोजित की जाएगी। परिषदीय स्कूलों में भी जागरूकता रैली निकालने को रूपरेखा बनाई गई है। प्रत्येक माध्यमिक स्कूल में भूगर्भ जल संरक्षण पर कला प्रतियोगिता प्राथमिक स्कूल में भाषण व स्लोगन प्रतियोगिता होगी। वन विभाग द्वारा जागरूकता कार्यक्रम और जिला स्तरीय गोष्ठी का आयोजन फसलों में कम पानी के उपयोग पर होगा। जागरूकता कार्यक्रम के साथ नए निर्मित चेक डैम और तालाबों का लोकार्पण जनप्रतिनिधियों द्वारा किया जाएगा। लघु सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता श्यौदान सिंह ने विभागों से पूर्ण सहभागिता की बात कही है। उन्होंने बताया कि इस कार्य में सरकारी महकमों के साथ अन्य को भी शामिल किया जाएगा और इस कार्य की जल्द ही शुरूआत की जाएगी।