फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आम आदमी पार्टी भी उतरी विवि के समर्थन में

विज्ञापन
विज्ञापन
आम आदमी पार्टी भी उतरी विवि के समर्थन में
विज्ञापन

- हमें चाहिए यूनिवर्सिटी
- आप कार्यकर्ताओं ने कलक्ट्रेट पहुंचकर सीएम के नाम संबोधित भेजा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिले में विश्वविद्यालय की मांग को लेकर लगातार जनसमर्थन मिल रहा है। शुक्रवार को आम आदमी पार्टी भी विवि की मांग के समर्थन में मैदान में उतर आई। कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम संबोधित विवि की मांग का ज्ञापन भेजा। वहीं, दूसरी ओर छात्र-छात्राएं भी जोरशोर से यह मांग उठा रहे हैं।
जिले में विवि की मांग को लेकर अमर उजाला ने ‘हमें चाहिए यूनिवर्सिटी’ मुहिम शुरू की है। इस मुहिम से लगातार लोग जुड़ रहे हैं। शुक्रवार को आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय पर बैठक की और इस मांग को जायज ठहराया। जिलाध्यक्ष विकास शर्मा ने कहा कि जिले में विश्वविद्यालय न होने के कारण छात्र-छात्राओं को खासी परेशानी होती है। यदि जिले में विवि बनेगा तो उच्च शिक्षा के साथ छात्र-छात्राओं को दूसरे जिले और राज्यों जाने से निजात मिल जाएगी। इस मांग को पार्टी लोकसभा चुनाव में भी मुद्दा बनाएगी। इसके बाद सभी कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे और सिटी मजिस्ट्रेट को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित विवि की मांग का ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर मुजाहिद अंसारी, संजय मित्तल, शैलेंद्र सिंह लोधी, अमित, ब्रजेश अवस्थी, राहत अली, शीशपाल शर्मा, उपेंद्र शर्मा और सुनील गुप्ता आदि पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।
विज्ञापन



छात्र-छात्राओं के बोल...
जिले में विश्वविद्यालय की मांग को लेकर अमर उजाला ने मुहिम चलाकर छात्र-छात्राओं की परेशानी को दूर करने की दिशा में अहम कदम उठाया है। जिले में विवि की मांग जायज है।
- छात्र रितिक।

जिले में उच्च शिक्षा के लिए कॉलेजों और सीटों की कमी से छात्राओं को परेशानी अधिक होती है। विवि बनेगा तो यह परेशानी दूर होगी और उच्च शिक्षा भी जिले में मिलेगी। - छात्र धर्मेंद्र ठाकुर।

जिले में विवि की जो मुहिम चलाई गई है, उसमें छात्र-छात्राओं को अधिक से अधिक जुड़ना चाहिए, ताकि इस मांग को सरकार से पूरा कराया जा सके। - छात्र कमलकांत शर्मा।

विश्वविद्यालय बनेगा तो छात्राओं को दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा आदि शहरों में पढ़ने से निजात मिलेगी और रोजाना आने-जाने का समय भी बचेगा। - छात्र गोपी ठाकुर।
विज्ञापन


बुद्धिजीवी भी चाहते हैं जिले में हो विश्वविद्यालय
गुलावठी। बुद्धिजीवी भी जिले में विश्वविद्यालय देखना चाहते हैं। डीएन पीजी कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. देवकीनंदन शर्मा का कहना है कि बुलंदशहर जिले में विश्वविद्यालय की बहुत आवश्यकता है। डॉ.शर्मा के अनुसार जिले में विश्वविद्यालय बनने से छात्राओं की मुश्किलें कम होंगी। उन्होंने बताया कि चौ.चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ के पास इतने महाविद्यालय हैं कि जिन्हें नियंत्रित करना टेढ़ी खीर है। वहीं डीएन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य श्याम सुंदर गुप्ता का कहना है कि बुलंदशहर जनपद में बड़ी संख्या में छात्र इंटरमीडिएट से उत्तीर्ण होते हैं। इन सभी छात्रों को ग्रेजुएशन में दाखिला नहीं मिल पाता। बड़ी संख्या में छात्र प्राइवेट फार्म भरने को मजबूर होते हैं। जिले में विश्वविद्यालय होने से शिक्षा के स्तर में सुधार होगा। वहीं, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या इंटर कॉलेज के प्रबंधक अनिल शर्मा का कहना है कि जिले में विश्वविद्यालय काफी पहले बन जाना चाहिए था। जिले में विश्वविद्यालय बनने से कन्याओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने की सुविधा मिलेगी। मॉडर्न एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रबंधक वीपी सिंह ने कहा है कि बुलंदशहर जिले का गौरवपूर्ण इतिहास रहा है। विश्वविद्यालय बनने से इसका गौरव और बढ़ेगा। छात्रों एवं अभिभावकों की जिले में विश्वविद्यालय की आकांक्षा है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें