आम के बाग में करंट से मजदूर की मौत
ऊंचागांव। थाना नरसैना क्षेत्र के गांव नगला मदारीपुर के आम के बाग में शनिवार की सुबह करीब चार बजे छोटा हाथी गाड़ी में आम की कैरेट लादते समय हाई वॉल्टेज लाईन की चपेट में आकर एक मजदूर युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
ग्राम नगला मदारीपुर निवासी सुरेंद्र सिंह सिरोही ने अपने आम के बाग की फसल को मशीउल्ला निवासी चंदियाना को बैच दी थी। बाग व्यापारी ने आम के फलो की रखवाली के लिये मजदूरी पर थाना नरसैना क्षेत्र के गांव चंदियाना निवासी हुसैन ऊर्फ कालू 22 वर्ष पुत्र मंजूर को रख रखा था। शनिवार की सुबह करीब चार बजे छोटे हाथी में मंडी में बेचने के लिए आम के फलों की कैरेटों को लादा जा रहा था। गाड़ी स्टार्ट नहीं होने पर चालक ने गाड़ी में रखी कैरेटों को उतारने के लिए हुसैन से कहा। इस दौरान आम के फलों से भरी कैरेट उतारते समय हुसैन गाड़ी के ऊपर से गुजर रही हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आ गया। साथियों ने आनन-फानन में कस्बा ऊंचागांव एक निजी चिकित्सक के यहां उसे भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मृतक अपनी तीन बहन व छह भाईयों में सबसे छोटा था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सारे क्षेत्र विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश पनप रहा है।
एसआई एमपी गौतम ने बताया कि घटना की तहरीर मृतक के भाई मतलूम ने दी है। शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिया भेज दिया गया है। इधर लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में ढीली व नीची जर्जर लाईनों को सही कराने के लिए कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से शिकायत की लेकिन इसके बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।