गोकशों की गिरफ्तारी के लिए एसपी सिटी को ज्ञापन
बुलंदशहर। देहात कोतवाली की नई मंडी चौकी क्षेत्र में बीते दिनों गोकशी के मामले में आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। शनिवार को आक्रोशित बजरंगियों व हिंदूवादी संगठनों ने एसएसपी कार्यालय पहुंच प्रदर्शन करते हुए एसपी सिटी को ज्ञापन दिया है।
26 जून को नई मंडी चौकी क्षेत्र के गांव इमलिया में गोकशी की घटना हुई थी। मामले में ग्रामीणों ने छह लोगों को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। मौके से पुलिस ने बड़ी मात्रा में गोमांस, हथियार, कुल्हाड़ी, छुरे, रस्सी आदि बरामद किया था। बावजूद इसके पुलिस अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। वहीं शनिवार को बजरंग दल और अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के पदाधिकारी व कार्यकर्ता राजेबाबू पार्क में एकत्रित हुए और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जुलूस निकालते हुए एसएसपी दफ्तर पहुंचे और एसएसपी को संबोधित ज्ञापन एसपी सिटी को दिया। आरोप लगाया कि चौकी पुलिस के कुछ पुलिसकर्मियों की शह पर क्षेत्र में गोकशी की जा रही है। पुलिस आरोपियों से साठगांठ किए हुए है। इसी कारण अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। आरोपियों की तीन दिन के भीतर गिरफ्तारी न होने पर कार्यकर्ताओं ने आंदोलन व धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है। इस अवसर पर एएचपी के संगठन मंत्री चंदन कुमार, विशाल शर्मा, ओंकार सिंह, सोमवीर शर्मा, गौरव जिंंदल, रोहित राठौर, नमन शर्मा, सौरभ आदि मौजूद रहे।