लक्ष्य के सापेक्ष वसूली न पाए जाने पर आठ समितियों के सचिव निलंबित
- संयुक्त आयुक्त सहकारिता के आदेश पर बैंक सचिव ने की कार्रवाई
- एक एडीसी को प्रतिकूल प्रविष्टि, तीन शाखा प्रबंधकों को नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। लक्ष्य के सापेक्ष वसूली न किए जाने पर संयुक्त आयुक्त ने आठ समितियों के सचिवों को निलंबित कर दिया है। उन्होंने कड़ी फटकार लगाते हुए तीन शाखा प्रबंधकों को भी नोटिस जारी करने के आदेश दिए हैं। इसके अलावा एक एडीसी को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है।
संयुक्त आयुक्त व संयुक्त निबंधक सहकारिता ने जिला सहकारी बैंक बुलंदशहर के देयों की समीक्षा की। इस दौरान आठ समितियों की लक्ष्य के सापेक्ष वसूली काफी कम पाए जाने पर संयुक्त आयुक्त ने नाराजगी जाहिर करते हुए सचिवों के निलंबन के आदेश दिए। इसके अलावा लापरवाही पर तीन शाखा प्रबंधकों को नोटिस जारी करते हुए अनूपशहर के अपर जिला सहकारी अधिकारी दिनेश सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान की है। बताया जा रहा है कि एक अप्रैल तक वर्ष 2016 में हासिल की गई 86 फीसदी रिकवरी के बराबर का लक्ष्य प्रदान किया गया था। इसमें समितियों ने जमकर लापरवाही बरती और लक्ष्य के आसपास भी नहीं पहुंच सके। लक्ष्य के सापेक्ष कुल 66 फीसदी रिकवरी पाई गई।
समिति का नाम सचिव लक्ष्य और वसूली का अंतर
गुरावली मुकेश कुमार शर्मा 39 फीसदी
दरावर राकेश कुमार 34 फीसदी
अंधियार सोनू कुमार 61 फीसदी
जहांगीराबाद पवन कुमार 35 फीसदी
लोहरा ओमवीर सिंह 43 फीसदी
चोला मोहर सिंह 41 फीसदी
पवसरा ललित कुमार 43 फीसदी
लुहारली अमित कुमार 45 फीसदी
नोट: सभी आठों सचिवों को निलंबित कर दिया गया है। जेवर, जहांगीराबाद व अगौता के शाखा प्रबंधकों को नोटिस जारी किया गया है।
कोट-
संयुक्त आयुक्त के आदेश पर आठ सचिवों को निलंबित कर दिया गया है। तीन शाखा प्रबंधकों को नोटिस जारी किए गए हैं। किसी भी हाल में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। - राजेश कुमार, सचिव, जिला सहकारी बैंक