दूधिया रोशनी से जगमग होंगी शहर की सड़कें
रेलवे स्टेशन, साठा, राधानगर समेत विभिन्न मार्गों पर लगाई जाएंगी एलईडी लाइटें
- लाइट लगाने के लिए बीडीए अफसर योजना बनाने में जुटे
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
अब शहर की सड़कें दूधिया रोशनी से जगमग होंगी। इसके लिए सड़कों पर एलईडी लाइटें लगाने की तैयारी है। बीडीए अफसरों के मुताबिक जल्द ही योजना के तहत कार्य शुरू करा दिया जाएगा। खास बात यह है कि इससे जहां पैसे की बचत होगी, वहीं राहगीरों की आंखों के लिए भी मुफीद होगी। अभी तक शहर की जिन सड़कों पर अंधेरा पसरा रहता है, वहां भी एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी।
शहर की सड़कों पर अभी सोडियम लाइटें लगी हुई हैं। इन लाइटों द्वारा बिजली की अधिक खपत की जाती है, जिसके चलते नगर पालिका को लाखों रुपये प्रतिमाह का बिल बिजली विभाग को देना पड़ता है। इसके साथ ही सोडियम लाइटों की रोशनी लाल रंग की होती है जो लोगों की आंखों में चुभती है। अब बीडीए अफसरों द्वारा शहर की सड़कों पर एलईडी लाइट लगाने की तैयारी है। योजना के तहत अफसर रेलवे स्टेशन रोड, साठा रोड, राधानगर रोड समेत अन्य सड़कों पर एलईडी लाइट लगाने की तैयारी हैं। बताया जा रहा है कि पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 50 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। इससे शहर की कई सड़कों का अंधेरा दूर होगा तो वहीं पूर्व में लगी सोडियम लाइटों की अपेक्षा बिजली की भी कम खपत होगी और इनकी रोशनी लोगों की आंखों में चुभेगी भी नहीं।
नगर पालिका द्वारा भी बनाया गया था प्रस्ताव
शहर की सोडियम लाइटों को बदलने के लिए नगर पालिका द्वारा भी प्रस्ताव बनाया गया था। हालांकि प्रस्ताव के तहत पर्याप्त बजट न मिलने के चलते अभी तक कार्य नहीं किया जा सका है, जिसके चलते अब बीडीए अफसरों ने कार्य योजना तैयार की है।
बरन वाटिका का विस्तार करेगा बीडीए
- शहर की सुंदरता को बढ़ावा दे रही बरन वाटिका अब पहले से और भी सुंदर दिखेगी। पुरानी जेल की जमीन पर बरन वाटिका के विस्तार के लिए बीडीए अफसर तैयारी कर रहे हैं। जल्द ही योजना के तहत कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
वर्ष 2017 में तत्कालीन डीएम डॉ. रोशन जैकब ने शहर की सुंदरता को बढ़ावा देने के लिए नगर के अंसारी रोड पर बरन वाटिका का निर्माण कराया था। निर्माण पूरा होने के बाद 26 जनवरी 2018 को बरन वाटिका का शुभारंभ कर दिया गया, जिससे शहर के सौंदर्यीकरण में चार चांद लग गए। अब बीडीए अफसर बरन वाटिका के विस्तार की योजना बना रहे हैं। योजना के तहत सड़क के किनारे पुरानी जेल की जमीन पर पार्क बनाया जाएगा, जिससे शहर की सुंदरता में और इजाफा होगा। साथ ही सुबह व शाम के समय टहलने वाले लोगों के लिए पर्याप्त जगह मिल सकेगी। मंगलवार को मौके पर पहुंचे बीडीए सचिव व एई ने निरीक्षण किया।
कोट
शहर की सड़कों से सोडियम लाइट हटाने के लिए तैयारी की जा रही है। कुछ सड़कों पर एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। बरन वाटिका के विस्तार की भी तैयारी की जा रही है। जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
- ज्ञानेंद्र वर्मा, बीडीए सचिव