24 घंटे बाद भी पुलिस पकड़ से दूर लूट के आरोपी
बुलंदशहर। बिजली कर्मचारी से लाखों की लूट के मामले में पुलिस के हाथ 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग सका है, जिसके चलते सरकारी धन के लूट के आरोपी अभी भी पुलिस पकड़ से दूर हैं।
सोमवार को देहात क्षेत्र के गांव रमपुरा के समीप बिजली कर्मचारी प्रदीप कुमार से बाइक सवार बदमाशों ने 3.82 लाख रुपये लूट लिए थे। बताया जा रहा है कि प्रदीप अनूपशहर अड्डा बिजलीघर से लोगों द्वारा जमा किए गए बिल की धनराशि को लेकर हाइडिल कालोनी स्थित दफ्तर जा रहा था। घटना के 24 घंटे बाद भी बदमाशों के संबंध में कोई जानकारी अफसरों के हाथ नहीं लग सकी है। दूसरी ओर बिजली कर्मचारी से लूट के बाद विद्युत तकनीकी कर्मचारी एकता संघ के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने मांग की कि कर्मचारियों को कैश लाने व ले जाने के दौरान व चेकिंग के दौरान सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई जा रही है, जिससे कर्मचारियों के साथ लगातार हादसे हो रहे हैं। कर्मचारियों ने चीफ इंजीनियर को मामले में एक ज्ञापन सौंपते हुए सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं, देहात कोतवाल तपेश्वर सागर ने बताया कि घटना के संबंध में जांच जारी है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।