खुदा के सजदे में झुके लाखों सिर... मांगी अमन-चैन की दुआ
बुलंदशहर । ईद-उल फितर का त्योहार जनपद में धूमधाम के साथ मनाया गया। जनपद में मस्जिदों में लोगों ने खुदा की बंदगी में सजदा कर देश में अमन चैन की दुआ मांगी। इसके बाद लोगों ने एक-दूसरे के गले मिल मुबारकबाद दी। वहीं, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे दिन पुलिस और प्रशासनिक अफसर विभिन्न क्षेेत्रों का दौरा करते रहे। नगर पालिका द्वारा लगाए गए कैंप में डीएम, एसएसपी, एडीएम प्रशासन, ईओ ने लोगों को ईद की बधाई देते हुए नमाजियों की सुविधा के लिए इंतजाम किए।
नगर स्थित ईदगाह में शनिवार सुबह आठ बजे शहर काजी जैनुअल आबदीन ने लोगों को ईद की नमाज अदा कराई। इसके अलावा जामा मस्जिद, काला आम स्थित मस्जिद, भूड़ चौराहा वाली मस्जिद, मऊखेड़ा वाली मस्जिद, चार यार वाली मस्जिद के साथ-साथ ऊपरकोट, नजीमपुरा, कचहरी रोड स्थित मस्जिदों में लोगों ने नमाज पढ़ी। शहर काजी जैनुअल आबदीन ने बताया कि ईद का त्योहार आपसी भईचारे और सद्भाव का त्योहार है। नगर स्थित ईदगाह पर नमाज अदा करते हुए हजारों लोगों ने एक दूसरे को गले मिलकर ईद की बधाई दी। वहीं, जनपद भर में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। नगर पालिका द्वारा शहर में लगाए गए कैंप में डीएम अनुज कुमार झा, एसएसपी केबी सिंह, एडीएम प्रशासन अरविंद मिश्र, एसपी सिटी डॉ. प्रवीण रंजन, नगर पालिका ईओ एके सिंह ने शांति व्यवस्था पर नजर रखते हुए नमाज के बाद लोगों को ईद की बधाई दी।
विभिन्न दलों ने स्टॉल लगाकर दी बधाई
ईदगाह के समीप बसपा, सपा, कांग्रेस, रालोद व आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पंडाल लगाकर लोगों को ईद की बधाई दी। इस दौरान बसपा जिलाध्यक्ष कमल राजन, प्यारे लाल जाटव, पूर्व विधायक हाजी अलीम, हाजी यू नूस, सपा नेता कमलेश बाल्मीकि, सुमन राघव, बादल यादव, नंद किशोर वाल्मीकि, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी, सुशील चौधरी, मुनीर अकबर, सच्चिदानंद गौड़, रालोद जिलाध्यक्ष आसिफ गाजी, मौदूद अली, अतुल बाल्मीकि व आम आदमी पार्टी के जिला संयोजक विकास शर्मा, मुजाहिद अंसारी, अतुल मित्तल, शैलेन्द्र लोधी, संजय मित्तल आदि ने ईद की बधाई दी।
विभिन्न स्थानों पर रहा रूट डायवर्जन
काला आम से अंसारी रोड व ईदगाह मार्ग, डिप्टी गंज से काला आम आने वाले वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रही। लल्ला बाबू चौराहे से ईदगाह रोड पर छोटे वाहनों का भी प्रवेश बाधित रहा, डीएवी तिराहे से रोडवेज वर्कशॉप की ओर जाने वाले वाहनों के प्रवेश पर रोक रही वहीं हनुमान मंदिर से अंसारी रोड आने वाले वाहनों पर रोक रही।
कोट
पूरे जनपद में शांति और सद्भाव के साथ ईद का त्योहार मनाया गया। पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के चाक-चौबंद इंतजाम किए थे। - अनुज कुमार झा, जिलाधिकारी