सरकारी में हो रहा खुलेआम उल्लंघन, निजी अस्पतालों पर कार्रवाई
बुलंदशहर। एक ओर निजी अस्पतालों में बायो मेडिकल वेस्ट फेंकने पर कार्रवाई हो रही है। वहीं दूसरी ओर जिला अस्पताल में खुलेआम बायो मेडिकल वेस्ट फेंक नियमों का उल्लंघन किया जा रहा है। शुक्रवार को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के पास खुले में बायो मेडिकल वेस्ट पड़ा रहा, लेकिन किसी भी अफसर ने इसे हटवाने की जहमत नहीं उठाई।
सरकारी एवं निजी अस्पतालों में बायो मेडिकल वेस्ट के लिए लगातार आदेशों के बाद भी पालन नहीं किया जा रहा था। शासन के सख्त निर्देशों के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम निजी अस्पतालों का निरीक्षण कर बायो मेडिकल वेस्ट खुले में मिलने पर कार्रवाई की बात कह रही है, लेकिन सबसे ज्यादा नियमों का उल्लंघन सरकारी अस्पतालों में किया जा रहा है। शुक्रवार को जिला अस्पताल की ओपीडी समाप्त होने के बाद कर्मचारियों ने बायो मेडिकल को एकत्र कर इमरजेंसी के पास खुले में फेंक दिया। खुले में बायोमेडिकल वेस्ट से संक्रमण फैलने का खतरा बना रहता है, जबकि जिला अस्पताल में वार्डों से निकलने वाले बायो मेडिकल वेस्ट को रखने के लिए अलग-अलग कूड़ेदान रखे गए हैं। इसके बाद भी स्टाफ द्वारा लापरवाही बरती जा रही हैं। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. रामवीर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। मामले की जानकारी की जाएगी। अगर किसी कर्मचारी ने लापरवाही बरतीं है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।