मऊखेड़ा फाटक पर ओवरब्रिज के निर्माण ने पकड़ी तेजी
बुलंदशहर। खुर्जा-मेरठ रेलवे मार्ग का दोहरीकरण शुरू होने के साथ ही नगर के मऊखेड़ा फाटक पर बन रहे ओवरब्रिज निर्माण के कार्य ने तेजी पकड़ ली है। मऊखेड़ा क्षेत्र में रेलवे मालवाहक रोकने के लिए माल गोदाम-वेयर हाउस स्टेशन बनाएगा। अफसरों के अनुसार खुर्जा से सहारनपुर तक 222 किमी तक का रेलवे मार्ग पांच साल में डबल लेन हो जाएगा।
खुर्जा-मेरठ रेलवे मार्ग पर सहारनपुर तक डबल लेन रेलवे लाइन बिछाने की तैयारियां शुरू होने के साथ नगर के मऊखेड़ा फाटक पर बन रहे रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य तेज रफ्तार के साथ होने लगा है। मऊखेड़ा फाटक बनने के बाद नगर में दूसरा स्टेशन बनाने की भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। एकाउंट मैनेजर सुनील मिश्रा ने बताया कि खुर्जा से सहारनपुर तक 222 किमी रेलवे ट्रैक को डबल लाइन करने का कार्य चल रहा है। साथ ही मऊखेड़ा फाटक पर ओवरब्रिज निर्माण का कार्य अंतिम चरण में है। ओवरब्रिज बनने के बाद मऊखेड़ा फाटक के पास न्यू बुलंदशहर स्टेशन बनाने का कार्य प्रस्तावित है। शासन से अनुमति मिलने पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। मालवाहक गाड़ियों के लिए दूसरे ट्रैक का निर्माण कार्य समय से पहले कर लिया जाएगा।