करंट की चपेट में आने से भैंसा मरा
बुगरासी। बिजली विभाग की लापरवाही थमने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को बिजली के टूटे तार की चपेट में आकर करंट लगने से एक भैंसा मर गया। वहीं महिला बाल-बाल बची। घटना से ग्रामीणों में गुस्सा है। उन्होंने बिजली विभाग पर सूचना के बाद भी सप्लाई बंद न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। विभाग ने किसान को मुआवजा देने की बात कही है।
गांव बुकलाना में सोमवार को एलटी लाइन का तार टूट गया था। यह लाइन खेतों से होकर गुजर रही थी। मंगलवार सुबह किसान श्रीचंद का भैंसा जंगल में चारा खा रहा था। भैंसा अचानक टूटे हुए तार की चपेट में आ गया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के वक्त पास में ही श्रीचंद की पत्नी भी थी, उसे भी तेज करंट लगा और वह दूर जा गिरी। श्रीचंद ने बताया कि सोमवार को तार टूटने के बाद ही पावर कारपोरेशन के अधिकारियों को सूचना दी गई थी, लेकिन तार नहीं जोड़ा गया। बिना तार जोड़े ही बिजली घर से मंगलवार को सप्लाई दे दी गई। मंगलवार की शाम तक भी पावर कारपोरेशन की टीम घटनास्थल पर नहीं पहुंची थी। किसान ने मुआवजे की मांग की है। जेई सचिन कुमार ने बताया कि बिजली के टूटे हुए तार की चपेट में आने से किसान के भैंसा की मौत हुई है। कार्रवाई की जा रही है। किसान को विभाग से मुआवजा दिया जाएगा।