घर में मिला मच्छर का लार्वा तो होगा जुर्माना
बुलंदशहर। स्वास्थ्य विभाग की टीम अभियान चलाकर लार्वा की खोज करेगी। इस दौरान किसी घर से लार्वा मिला तो टीम मकान मालिक को दोषी मान जुर्माना वसूलेगी।
विगत वर्ष लार्वा अधिक होने पर मच्छरों ने जमकर लोगों को अपना शिकार बनाया था। इस बार भी मच्छरों का डंक कम नहीं है। मच्छरों से निपटने के लिए जिला मलेरिया विभाग स्पेशल प्लान तैयार करने की तैयारियों में जुटा है, जिससे लोगों को डेंगू और चिकन गुनिया के प्रकोप से बचाया जा सके। इसके लिए विभाग जल्द ही घर-घर लार्वा की खोज करेगा और लार्वा मिलने पर जुर्माना वसूलने की कार्रवाई करेगा। सीएमओ डॉ. केएन तिवारी ने बताया कि शासन के निर्देश पर जल्द ही बैठक कर रणनीति बनाई जाएगी। अभी तक जिन घरों में दोबारा निरीक्षण करने पर डेंगू या चिकन गुनिया का मच्छर या लार्वा मिलता है तो मकान मालिक से 500 रुपये का जुर्माना लगाने का प्रावधान है। अब इसे बढ़ाकर 5000 रुपये करने की तैयारी की जा रही है। लोग जुर्माना से बचने के लिए अपने घरों में लार्वा पनपने नहीं देंगे।
मच्छरों को पैदा होने से रोने के उपाय
- घर या ऑफिस के आसपास पानी जमा न होने दें, गड्ढों को मिट्टी से भर दें, रुकी हुई नालियों को नियमित साफ करें।
- अगर पानी जमा होने से रोकना मुमकिन नहीं है तो उसमें पेट्रोल या केरोसिन ऑयल डाल दें।
- रूम कूलरों, फूलदानों का सारा पानी हफ्ते में एक बार और पक्षियों को दानापानी देने के बर्तन को रोज पूरी तरह से खाली करें, उन्हें सुखाएं और फिर भरें। घर में टूटे-फूटे डिब्बे, टायर, बर्तन, बोतलें आदि न रखें। अगर रखें तो उल्टा करके रखें।
- डेंगू के मच्छर साफ पानी में पनपते हैं, इसलिए पानी की टंकी को अच्छी तरह बंद करके रखें।
- अगर मुमकिन हो तो खिड़कियों और दरवाजों पर महीन जाली लगवाकर मच्छरों को घर में आने से रोकें।
- मच्छरों को भगाने और मारने के लिए मच्छरनाशक क्रीम, स्प्रे, मैट्स, कॉइल्स आदि इस्तेमाल करें।
- घर के अंदर सभी जगहों में हफ्ते में एक बार मच्छरनाशक दवा का छिड़काव जरूर करें। यह दवाई पर्दों, कैलेंडरों आदि के पीछे और घर के स्टोर-रूम और सभी कोनों में जरूर छिड़कें। वहीं दवाई छिड़कते वक्त अपने मुंह और नाक पर कोई कपड़ा जरूर बांधें। साथ ही, खाने-पीने की सभी चीजों को ढककर रखें।