पूर्व सैनिकों को रखे जाने से नाराज संविदा कर्मचारियों का प्रदर्शन शुरू
बुलंदशहर। पूर्व सैनिकों को रखे जाने से नाराज बिजली संविदा कर्मचारियों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है। पहले चरण में जहांगीराबाद खंड में विरोध किया जा रहा है, जबकि चार जून से जिलेभर में धरने-प्रदर्शन की चेतावनी दी गई है।
शासन द्वारा बिजलीघरों पर एसएसओ के पद पर पूर्व सैनिकों को तैनात करने के आदेश जारी किए थे। आदेशों के तहत अफसरों ने जिले में पूर्व सैनिकों को एसएसओ के पद पर तैनात शुरू कर दिया तो बिजली संविदा कर्मचारियों ने विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया। पहले दिन रविवार को जहांगीराबाद खंड के कर्मचारी काम पर नहीं लौटे तो चार मई, सोमवार से जिलेभर में काम ठप करने की चेतावनी दी गई है। कर्मचारियों का आरोप है कि पूर्व सैनिकों को बिजलीघर की कमान देना खतरे से खाली नहीं है। बिना ट्रेनिंग दिए एसएसओ के पद पर तैनात करने से कर्मचारियों और लोगों की जान को खतरा होगा। बिजली बोर्ड इंप्लाइज यूनियन के महासचिव सुरेंद्र सिंह ने कहा कि कर्मचारियों को नौकरी से जबरन निकाला जा रहा है, जबकि उन्हें पूरा भुगतान भी नहीं किया गया है। चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गई तो वह सोमवार को जिले भर में काम काज ठप कर देंगे।