45 मिनट कटी अस्पताल की बिजली, मचा हाहाकार
- बिजली कार्य के चलते काटी गई थी बिजली, हुई परेशानी
- बिन बिजली, पंखा के अस्पताल में परेशान रहे मरीज
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिला अस्पताल में मंगलवार को भीषण गर्मी में 45 मिनट बिजली सप्लाई बाधित रही। इससे लोगों में हाहाकार मच गया। बताया जा रहा है कि लाइन में फाल्ट आने पर अस्पताल की बिजली 45 मिनट के लिए काटी गई। इस दौरान अस्पताल में भर्ती मरीज और तीमारदार हाथों के पंखे से हवा कर गर्मी से बचने का प्रयास करते रहे।
भीषण गर्मी के मौसम में जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ लगी हुई है। मंगलवार को करीब 11:40 बजे अस्पताल की बिजली सप्लाई अचानक से बाधित हो गई। कुछ देर इंतजार के बाद भी जब बिजली नहीं आई तो वार्डों में भर्ती मरीजों में हाहाकार मच गया। मरीजों ने इसकी शिकायत अफसरों से की। शिकायत के बाद भी करीब 45 मिनट तक बिजली सप्लाई बाधित रही। इससे अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, मेडिकल वार्ड, महिला वार्ड, बच्चा वार्ड एवं टीबी वार्ड में भर्ती मरीज पसीने से तर हो गए। काफी देर तक जनरेटर न चलने वार्ड में भर्ती मरीजों को गर्मी से राहत देने के लिए तीमारदारों को हाथ का पंखा चलाना पड़ा। 45 मिनट बाद करीब 12:30 बजे अस्पताल की बिजली सप्लाई चालू हुई। तक जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। सीएमएस जिला अस्पताल डॉ. रामवीर सिंह ने बताया कि अस्पताल की बिजली सप्लाई की लाइन में कमी आने के चलते लाइन काटी गई थी। इस दौरान करीब 45 मिनट तक बिजली सप्लाई बंद रहने से मरीजों को परेशानी हुई। लाइन सही होने पर बिजली सप्लाई चालू कर दी गई। वार्ड में पंखे खराब होने की जानकारी की जा रही है। शिकायत के आधार पर यदि कर्मचारी की लापरवाही सामने आई तो कार्रवाई की जाएगी।
चार में से तीन पंखे खराब, मरीज परेशान
जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के एक कमरे में मरीजों को गर्मी से राहत देने के लिए तीन पंखे और एक कूलर लगा हुआ है। मंगलवार सुबह से ही दो पंखे व एक कूलर बंद हो गए। काफी देर तक पंखे, कूलर न चलने पर मरीज गर्मी से बिलबिलाते रहे। तीमारदारों ने पंखे न चलने की शिकायत अस्पताल स्टाफ से की, लेकिन काफी समय तक पंखे और कूलर को सही नहीं किया गया। बाद में तीमारदार हाथ पंखा के सहारे किसी तरह मरीज को गर्मी से बचाने के प्रयास में लगे रहे। वार्ड में भर्ती मरीज शौकीन एवं ब्रह्म सिंह ने बताया कि दोपहर तक पंखे सही नहीं किए गए।
घंटों की बिजली कटौती ने उड़ाई लोगों की नींद
बुलंदशहर। जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। भीषण गर्मी के चलते लोगों को हो रही परेशानी के बाद भी अफसर सुनने के लिए तैयार नहीं हैं। बिजली आने व जाने का कोई समय निर्धारित न होने के चलते लोग चैन की नींद भी नहीं सो पा रहे हैं।
सरकार की ओर से लोगों को बेहतर बिजली सप्लाई देने के आदेश दिए गए थे। इसके लिए जिला स्तर पर 24 घंटे, तहसील स्तर पर 20 घंटे व गांवों में 18 घंटे बिजली सप्लाई देने के निर्देश अफसरों को दिए थे, लेकिन शासन के निर्देशों के बाद भी अधिकारियों की लापरवाही के चलते लोग बिजली कटौती के चलते बेहाल हैं। पावर कारपोरेशन चीफ इंजीनियर आरपीएस तौमर ने बताया कि लोकल स्तर पर बिजली कटौती नहीं की जा रही है। लाइनों में समस्या के चलते लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। जल्द ही समस्या से निजात दिला दी जाएगी।
बिजली कटौती से लोगों में गुस्सा
औरंगाबाद। औरंगाबाद में मंगलवार को भीषण गर्मी में बिजली की भारी कटौती ने लोगाें का जीना मुहाल कर दिया। मात्र एक घंटे बिजली आने से लोग गर्मी से परेशान हो गए। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
जैसे-जैसे गर्मी का तापमान बढ़ रहा है वैसे ही बिजली ने अपना खेल दिखाना शुरू कर दिया है। मंगलवार को पूरे दिन नगरवासियों को पांच-पांच मिनट की ट्रिपों के साथ मात्र एक ही घंटे बिजली मिली। उद्योग व्यापार मंडल के अनूपशहर विधान सभा अध्यक्ष राजेबाबू अग्रवाल पश्चिमी उत्तर प्रदेश व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता और व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि यदि बिजली की समस्या का जल्द समाधान नही किया गया तो व्यापारी बिजलीघर पर ताला लगाकर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उधर, औरंगाबाद बिजलीघर के जेई राहुल प्रकाश ने बताया कि बिजली की लाइन पर काम होने के चलते लोगों को परेशानी हुई है। ब्यूरो