आज खुलेगा 7306 छात्रों के भाग्य का पिटारा
बुलंदशहर। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 10वीं कक्षा के रिजल्ट का इंतजार खत्म हो गया है। मंगलवार को परीक्षा परिणाम आ रहा है। इसके साथ ही जनपद के 7306 परीक्षार्थियों के भाग्य का पिटारा खुल जाएगा। दोपहर बाद चार बजे आने वाले परीक्षा परिणाम की सूचना पाकर परीक्षार्थियों की चिंता बढ़ने लगी है और पास होने के लिए प्रार्थनाओं का दौर भी शुरू हो गया है।
इस बार सीबीएसई की बोर्ड परीक्षा पांच मार्च से शुरू हुई थी। इसमें जिले के करीब 60 सीबीएसई द्वारा संचालित स्कूलों के 7306 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। सीबीएसई 12वीं का परीक्षा परिणाम विगत शनिवार को घोषित हो चुका है, जबकि 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम को लेकर परीक्षार्थियों का इंतजार मंगलवार को खत्म हो जाएगा। कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम मंगलवार दोपहर बाद चार बजे घोषित होगा। वहीं इस बार सीबीएसई बोर्ड ने कक्षा दस में ग्रेडिंग सिस्टम खत्म कर दिया है और परीक्षार्थियों के विषयवार नंबर जारी किए जाएंगे और इसके आधार पर ही टॉपर छात्र-छात्राओं का चयन होगा। वहीं, दूसरी ओर परीक्षा परिणाम घोषित होने की सूचना जारी होते ही परीक्षार्थियों की चिंता बढ़ने लगी हैं और पास होने के लिए प्रार्थना और मन्नत मांगने का दौर शुरू हो गया है। इसी के साथ सीबीएसई द्वारा संचालित स्कूल संचालक भी परीक्षा परिणाम का इंतजार कर रहे हैं।