खाई में पलटी बेकाबू कार, दंपती घायल
बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र में खुर्जा बाईपास पर शनिवार देर रात रोडवेज बस की टक्कर से बेकाबू होकर एक कार खाई में पलट गई। हादसे में कार में बैठे दंपती गंभीर घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल दंपती को पास के अस्पताल पहुंचाया।
खुर्जा नगर के मोहल्ला सराय नसरुल्ला निवासी अभिषेक पुत्र रामनिवास शर्मा अपनी पत्नी सीमा के साथ शनिवार शाम को बुलंदशहर अपने रिश्तेदारी में जा रहे रहे थे। देर रात करीब साढ़े 12 बजे दोनों अपनी कार से खुर्जा के लिए निकले थे। तभी खुर्जा बाईपास के पास पहुंचते ही पीछे से आ रही एक रोडवेज बस ने कार में साइड मार दी। इससे कार अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची डायल 100 पुलिस ने दंपती को पास के अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख सीमा को हायर सेंटर मेरठ के लिए रेफर कर दिया। सीमा के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं अभिषेक को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से ही घर भेज दिया गया था। देहात कोतवाल तपेश्वर सागर ने बताया कि मामले की कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।