जिले में बेरोकटोक काटी जा रही अवैध कालोनियां
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिले में अवैध रूप से कालोनी काटने का खेल बिना किसी रुकावट के चल रहा है। बीडीए अफसर है कि सब कुछ जानने के बाद भी मामले से अनजान बने हुए हैं। नियमों को ताक पर रखकर नेशनल हाईवे के किनारे भी अवैध रूप से दर्जनों कालोनी काटी जा चुकी हैं।
जिले में सौ से अधिक अवैध कालोनियों में इन दिनों प्लाट काटे जा रहे हैं। बिना बुलंदशहर विकास प्राधिकरण की स्वीकृति के कालोनी काटने के बारे में अफसर जानते तो हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं करते हैं। शहर में ही नेशनल हाईवे 91 के किनारे दर्जनों अवैध कालोनियां काटकर लोगों को ठगा जा रहा है, जबकि नियमानुसार नेशनल हाईवे के किनारे कोई आवासीय कालोनी नहीं काटी जा सकती है। बीडीए दफ्तर से करीब एक किमी की दूरी पर ही अवैध कालोनी काटे जाने की सूचना अफसरों तक पहले भी पहुंची, लेकिन अफसरों ने मौके पर पहुंचकर कोई कार्रवाई करने की जहमत तक नहीं उठाई। भूमाफिया इन अवैध कालोनियों में ऊंचे दामों पर प्लाट बेचकर लोगों को ठग रहे हैं। बीडीए सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने बताया कि एनएच के किनारे कालोनी नहीं काटी जा सकती है। अवैध कालोनियों को चिन्ह्ति किया जा रहा है। जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।